Rajasthan Weather Update 4 June : राजस्थान में 3 घंटे में 17 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवा की भविष्यवाणी

Rajasthan Weather Update 4 June : राजस्थान में 3 घंटे में 17 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवा की भविष्यवाणी

Rajasthan Weather Update 4 June : राजस्थान में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। नौतपा चला गया। मौसम विभाग ने आज गुरुवार को राजस्थान के 17 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवा की चेतावनी जारी की है। गुरुवार सुबह 5.40 बजे जारी मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट में तीन घंटे में नागौर, जोधपुर, पाली, भीलवाड़ा, ब्यावर, अजमेर, बूंदी, कोटा, बारां तथा झालावाड़ जिलों में कहीं-कहीं तीव्र मेघगर्जन/गरज-चमक के साथ तेज हवाएं 60-80 किमी/घंटा, धूलभरी आंधी तथा हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है।

वहीं दूसरी तरफ तीन घंटे में राजस्थान के 6 जिलों के लिए हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवा का येलो अलर्ट जारी किया है। इस येलो अलर्ट के तहत टोंक, जयपुर, सवाई माधोपुर, राजसमंद, चित्तौड़गढ़ तथा दौसा जिलों में कहीं-कहीं हल्के से मध्यम मेघगर्जन/गरज-चमक के साथ अचानक तेज हवाएं 30-40 किमी/घंटा तथा हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है।

संभावित प्रभाव – ऑरेंज अलर्ट

1- पेड़ की बड़ी शाखाओं, बिजली के खंभे तथा अन्य कमजोर संरचनाओं को नुकसान होने की प्रबल संभावना है।
2- दृश्यता में कमी होने की संभावना है।
सुझाव
1- मेघगर्जन के समय पेड़ों व कमजोर संरचनाओं के नीचे शरण न लें तथा मौसम सामान्य होने की प्रतीक्षा करें।
2- वाहन चालक विशेष सावधानी बरतें।
संभावित प्रभाव – येलो अलर्ट
1- सामान्यतः कोई विशेष प्रभाव नहीं।
सुझाव
1- मेघगर्जन के समय पेड़ों के नीचे शरण न लें। सुरक्षित स्थान पर शरण लें।

मौसम : आगामी तीन दिन आंधी-बारिश-ओलावृष्टि का अलर्ट

नौतपा समाप्त होने के बाद अब प्रदेशभर में आगामी तीन दिन तेज आंधी के साथ बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट है। मौसम केन्द्र जयपुर के अनुसार, एक और नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 4 जून को बीकानेर, जोधपुर, जयपुर, भरतपुर, अजमेर, उदयपुर और कोटा संभाग के कुछ भागों में तेज आंधी-बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की प्रबल संभावना है। इस दौरान कहीं-कहीं तेज अंधड़ (60-70 किमी प्रति घंटा) के साथ मध्यम से तेज बारिश तथा पूर्वी राजस्थान में ओलावृष्टि होने की संभावना है। वहीं, तापमान के 43 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहने की संभावना है।

जयपुर मौसम : आज अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस

जयपुर में आज गुरुवार सुबह 1.30 बजे के बाद झमाझम बारिश हुई। इस बारिश का दौर करीब 3.15 बजे तक जारी रहा। इस बारिश से जयपुर का मौसम बेहद सुहावना हो गया। ठंडी हवाएं राहत पहुंचा रहीं हैं। मौसम विभाग के सुबह 5.40 बजे जारी अपडेट में तीन घंटे के अंदर बारिश और तेज हवा की संभावना जताई है। सुबह 6 बजे तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं आज जयपुर का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

आज होगी केरल में मानसून की शुरूआत

इस बार सामान्य तिथि से तीन दिन देरी के बाद गुरुवार (4 जून) को केरल में मानसून की शुरूआत होगी। मौसम विभाग के अनुसार मानसून की उत्तरी सीमा केरल के पास पहुंच चुकी है। अरब सागर के ऊपर पश्चिम हवाओं का दबाव बना हुआ है। परिस्थितियां अनुकूल है। अगले 24 घंटों में केरल में मानसून के शुरू होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *