Rajasthan: सोशल मीडिया का जुनून पड़ा भारी, कोबरा संग पोज देते ही सांप ने डसा

Rajasthan: सोशल मीडिया का जुनून पड़ा भारी, कोबरा संग पोज देते ही सांप ने डसा

श्रीगंगानगर। जिले के अनूपगढ़ क्षेत्र में एक युवक का सेल्फी लेने का शौक उस समय जानलेवा साबित हो गया, जब वह कोबरा सांप के साथ फोटो खिंचवाने की कोशिश कर रहा था। यह घटना शुक्रवार को चक 88 जीबी स्थित एक खेत में हुई, जहां 20 वर्षीय मनीष कुमार, जो कि छह एपीडी का निवासी है, काम कर रहा था।

बताया जा रहा है कि खेत में काम के दौरान मनीष की नजर एक कोबरा सांप पर पड़ी। रोमांच और सोशल मीडिया पर फोटो साझा करने की चाह में उसने सांप को पकड़ लिया और उसके साथ सेल्फी लेने लगा। इसी दौरान अचानक कोबरा ने उसके हाथ पर डस लिया। घटना के बाद वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।

प्रत्यक्षदर्शियों ने क्या बताया?

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सांप के डसने के कुछ ही मिनटों में युवक की तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी। उसे चक्कर आने लगे, आंखों के सामने धुंधलापन छाने लगा और शरीर में सुन्नपन महसूस होने लगा। इसके अलावा उसे सांस लेने में दिक्कत और लकवे जैसे लक्षण भी दिखाई देने लगे। स्थिति गंभीर होते देख खेत मालिक और परिजन बिना देर किए उसे तुरंत राजकीय जिला चिकित्सालय अनूपगढ़ लेकर पहुंचे।

डॉक्टरों ने बचाई जान

अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. केएस. कामरा ने नर्सिंग स्टाफ के साथ मिलकर तत्काल उपचार शुरू किया। डॉक्टरों ने युवक को एंटी स्नेक वेनम (ASV) दिया और आवश्यक इंजेक्शन व सपोर्टिव ट्रीटमेंट प्रदान किया। मरीज की हालत को देखते हुए उसे 24 घंटे तक लगातार निगरानी में रखा गया।

सांप से दूरी बनाने की सलाह

डॉ. कामरा ने बताया कि समय पर अस्पताल पहुंचाने और त्वरित उपचार के कारण युवक की जान बचाई जा सकी। उन्होंने लोगों को चेतावनी देते हुए कहा कि सांप जैसे खतरनाक जीवों से दूरी बनाए रखें और किसी भी स्थिति में उन्हें पकड़ने या उनके साथ छेड़छाड़ करने की कोशिश न करें।

झाड़फूंक में हो जाती है मौत

यह घटना एक बार फिर यह संदेश देती है कि सोशल मीडिया के लिए जोखिम उठाना खतरनाक हो सकता है। सांप काटने की स्थिति में झाड़-फूंक या घरेलू उपायों पर निर्भर रहने के बजाय तुरंत चिकित्सा सहायता लेना ही जीवन बचाने का सबसे सुरक्षित तरीका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *