Rajasthan Accident: रिंग रोड पर ट्रक और कार की भिड़ंत, दो महिलाओं और एक बच्चे समेत चार की मौत

Rajasthan Accident: रिंग रोड पर ट्रक और कार की भिड़ंत, दो महिलाओं और एक बच्चे समेत चार की मौत

नागौर। जोधपुर-बीकानेर बायपास स्थित रिंग रोड पर शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की जान चली गई। तेज रफ्तार कार और ट्रक की आमने-सामने हुई भीषण भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई। टक्कर के बाद ट्रक टायरों में आग लगने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में दो महिलाओं, एक बच्चे सहित चार लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया।

यह वीडियो भी देखें

मृतकों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं, हालांकि प्रारंभिक जानकारी में सभी के जोधपुर निवासी होने की संभावना जताई जा रही है। जानकारी के अनुसार हादसा शनिवार दोपहर करीब 3:40 बजे सदर थाना क्षेत्र में रिंग रोड पर बासनी पुलिया के निकट हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार और ट्रक के बीच आमने-सामने की टक्कर हुई, जिसकी आवाज काफी दूर तक सुनाई दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कुछ ही देर बाद ट्रक के टायरों में आग लग गई, जिसे स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए काबू में कर लिया।

दो लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ा

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने कार में फंसे घायलों को बाहर निकालने का प्रयास किया। गंभीर रूप से घायल लोगों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन दो लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो अन्य ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में जान गंवा दी। हादसे में मृतकों में एक बच्चा और दो महिलाएं शामिल हैं। सूचना मिलते ही जिला कलक्टर देवेन्द्र कुमार, एसडीएम गोविन्दसिंह भींचर तथा पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे।

शव अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए

दमकलकर्मियों की मदद से कार में फंसे शवों को बाहर निकाला गया। कार इतनी क्षतिग्रस्त हो चुकी थी कि शवों को निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। सदर थाना प्रभारी सुरेश कंस्वा ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। मृतकों के शव अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं। अभी तक किसी की औपचारिक पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस वाहन के पंजीकरण नंबर और अन्य दस्तावेजों के आधार पर मृतकों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। प्रारंभिक जांच में सभी मृतकों के जोधपुर क्षेत्र के निवासी होने की संभावना सामने आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *