Rajasthan Accident: दो बेटियों की डोली उठने से पहले ही मां की अर्थी उठी, घर में गूंजती रही सिसकियां, आंसुओं में डूब गई हर खुशी

Rajasthan Accident: दो बेटियों की डोली उठने से पहले ही मां की अर्थी उठी, घर में गूंजती रही सिसकियां, आंसुओं में डूब गई हर खुशी

लालसोट। डिडवाना कस्बा की घाटा ढाणी निवासी सैनी परिवार पर मुसीबतें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। अक्षय तृतीया के अवसर पर रविवार को दो भाइयों के परिवार में तीन बेटियों की शादी होनी थी, लेकिन इससे पहले ही परिवार में दो मौतों से सन्नाटा पसर गया है।

यह वीडियो भी देखें

आज होनी थी शादी

सड़क हादसे में 11 अप्रेल को एक किशोरी की मौत के बाद अब महिला मन्नादेवी (40), पत्नी रामलाल की भी उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतका की दो बेटियों की शादी रविवार को सैनी समाज के सामूहिक विवाह सम्मेलन में तय थी, लेकिन इन दुखद घटनाओं ने परिवार की खुशियों को गहरे शोक में बदल दिया है।

जुगाड़ वाहन ने मारी थी टक्कर

जानकारी के अनुसार 11 अप्रेल को परिवार की महिलाएं और बेटियां शादी की खरीदारी के लिए पैदल लालसोट जा रही थीं। इसी दौरान घाटी क्षेत्र में एक जुगाड़ वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में रामलाल के भाई पप्पूलाल सैनी की बेटी संजू (18) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि लच्छी देवी, पत्नी चंदालाल और मन्नादेवी गंभीर रूप से घायल हो गईं।

जयपुर में चल रहा था इलाज

घायल मन्नादेवी का जयपुर में इलाज चल रहा था, जहां उन्होंने अपनी दो बेटियों मंजू और रेखा की शादी से एक दिन पहले दम तोड़ दिया। वे अपनी बेटियों के हाथ पीले होते नहीं देख सकीं। वहीं रामलाल के भाई लक्ष्मण की बेटी सुमन की शादी भी इसी सामूहिक विवाह सम्मेलन में तय थी। लगातार दो मौतों से परिवार में मातम का माहौल है और रिश्तेदार परिजनों को ढांढस बंधाने में जुटे हुए हैं।

इधर, क्षेत्र में एक और दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। कोथून-लालसोट नेशनल हाईवे पर लाडपुरा पुलिया के पास शनिवार शाम एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दो चचेरे भाइयों को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के अनुसार टोंक जिले के दतवास क्षेत्र के जगसरा गांव निवासी श्रीराम मीणा (25), पुत्र रोशनलाल मीणा और विराट मीणा (20), पुत्र शंकरलाल मीणा बाइक से लालसोट की ओर जा रहे थे। तभी पीछे से आ रही तेज गति की कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वे सड़क पर गिरकर कार की चपेट में आ गए। इस हादसे ने क्षेत्र में शोक की लहर फैला दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *