बरेली। पटेल चौक से चौपुला मार्ग पर बेसमेंट की अनियंत्रित खुदाई ने बड़ा खतरा खड़ा कर दिया। खुदाई के चलते बगल की तीन मंजिला इमारत अचानक एक ओर झुक गई, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर नगर निगम, पीडब्ल्यूडी और बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) की संयुक्त तकनीकी टीम जांच में जुट गई है।
मानकों की अनदेखी से बिगड़ा संतुलन
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बेसमेंट खुदाई के लिए ली गई अनुमति से अलग तरीके से काम किया जा रहा था। बिना तकनीकी सुरक्षा उपायों के गहरी और अनियंत्रित खुदाई करने से बगल की इमारत की नींव कमजोर हो गई। मिट्टी खिसकने से पूरा ढांचा झुक गया और बड़ा हादसा होते-होते टल गया। घटना के बाद प्रशासन ने तुरंत मौके पर सुरक्षा उपाय शुरू कराए। इंजीनियरों की देखरेख में झुकी इमारत को सहारा देने के लिए आरसीसी दीवार बनाई जा रही है। साथ ही खाली जगह में मिट्टी का भराव कर जमीन को मजबूत करने का काम जारी है, ताकि इमारत को और झुकने से रोका जा सके।
बीडीए ने जारी किया नोटिस, कार्रवाई तय
बीडीए के संयुक्त सचिव दीपक कुमार ने बताया कि प्लॉट स्वामी को नोटिस जारी कर चालान की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। तीनों विभागों की संयुक्त टीम अब तकनीकी जांच कर नुकसान का आकलन कर रही है। रिपोर्ट के आधार पर अवैध निर्माण और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद आसपास के रिहायशी इलाकों में रहने वाले लोग डरे हुए हैं। प्रशासन का फिलहाल पूरा फोकस इमारत को सुरक्षित करने और आसपास के लोगों को किसी भी खतरे से बचाने पर है।


