MP News: मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के करैरा में रफ्तार में लापरवाही पूर्वक थार गाड़ी चलाते हुए 5 लोगों को टक्कर मारने वाले पिछोर विधायक प्रीतम लोधी के बेटे दिनेश लोधी को रविवार को थाने में तलब किया गया। थाने में एसडीओपी डॉ. आयुष जाखड़ ने दिनेश लोधी से पूछताछ की और उसके खिलाफ एक्सीडेंट की धाराओं में मामला दर्ज किया। इसके साथ भाजपा विधायक के बेटे दिनेश लोधी पर थार गाड़ी में विधायक लिखवाने, हूटर लगाने और काली फिल्म लगवाने को लेकर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई भी की गई है।

थार से 5 लोगों को मारी थी टक्कर
करैरा थाना अंतर्गत तहसील के पास 16 अप्रैल को पिछोर से भाजपा विधायक प्रीतम लोधी के बेटे दिनेश लोधी ने तेजी व लापरवाही से थार गाड़ी चलाते हुए 5 लोगों को टक्कर मार दी थी। घटना के बाद आरोपी दिनेश लोधी ने घायलों को धमकाया भी था जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो मामले ने तूल पकड़ लिया और जिस मामले में पुलिस ने अज्ञात पर एक्सीडेंट की कार्रवाई की थी, उस घटनाक्रम में पुलिस ने विधायक पुत्र के नाम से नामदर्ज केस दर्ज कर थार वाहन को भी जब्त किया।
घायलों को धमकाते वीडियो हुआ था वायरल
16 अप्रैल को भाजपा विधायक प्रीतम लोधी के बेटे दिनेश लोधी ने अपनी थार गाड़ी से 5 लोगों को टक्कर मारी थी। घटना के बाद उसका एक वीडियो भी सामने आया था जिसमें वो घायलों को धमकाते हुए कह रहा था कि उसने सायरन और हॉर्न बजाया था, फिर भी वे क्यों नहीं हटे। उसने तब बाइक सवारों से यह भी पूछा था कि वो तीन सवारियों को बैठाकर बाइक लहराकर क्यों चला रहे थे। इस घटना के बाद पीड़ित संजय पुत्र कमल सिंह परिहार निवासी ग्राम संहेडा थाना बड़ौनी ने करैरा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह अपने कुछ लोगों के साथ बाइक पर सवार होकर पुलिस सहायता केन्द्र से करैरा तहसील तरफ जा रहे थे। तभी एक काले रंग की थार ने उन्हें सहित 5 लोगों में टक्कर मार दी। घटना को अंजाम देने वाला लग्जरी वाहन चालक पिछोर विधायक प्रीतम लोधी का पुत्र दिनेश लोधी था, जिस पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया था।
मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई
अब इस मामले में रविवार को करैरा एसडीओपी डॉ आयुष जाखड़ ने आरोपी विधायक पुत्र दिनेश लोधी को थाने बुलवाया और घटनाक्रम को लेकर पूछताछ की । आरोपी पर एक्सीडेंट की धाराओं के अलावा वाहन पर विधायक लिखा होने के साथ हूटर लगा होने पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की है।


