Rajasthan Accident: बाइक-ट्रक भिड़ंत में पति-पत्नी की दर्दनाक मौत, मां से मिलने जा रहे थे

Rajasthan Accident: बाइक-ट्रक भिड़ंत में पति-पत्नी की दर्दनाक मौत, मां से मिलने जा रहे थे

झुंझुनूं। जिले के नवलगढ़ उपखंड क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में पति-पत्नी की जान चली गई। गोल्याणा-रामपुरा मार्ग स्थित पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार ट्रक और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार दंपती सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार सीकर जिले के जीणमाता क्षेत्र के पास रेंटा गांव निवासी अशोक गुर्जर (30) पुत्र बिरजूराम गुर्जर अपनी पत्नी पूजा (25) के साथ बाइक से नवलगढ़ क्षेत्र जा रहे थे। वे बागोरिया की ढाणी स्थित चेच्यावाली ढाणी में पूजा की मां से मिलने के लिए निकले थे।

दोनों बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरे

रास्ते में गोल्याणा-रामपुरा पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत एम्बुलेंस की सहायता से दोनों को सीकर के एसके अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद दोनों की जान नहीं बचाई जा सकी।

ट्रक जब्त, चालक की तलाश

हादसे की सूचना मिलते ही गोठड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना के बाद सड़क पर लगे जाम को खुलवाया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश शुरू कर दी है। मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच जारी है।

तीन साल पहले हुई थी शादी

बताया जा रहा है कि पूजा और अशोक की शादी करीब तीन वर्ष पहले हुई थी। दोनों अपनी मंजिल से महज कुछ किलोमीटर दूर थे, लेकिन उससे पहले ही यह हादसा उनकी जिंदगी पर भारी पड़ गया। घटना की खबर जैसे ही रेंटा गांव पहुंची, पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और हर आंख नम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *