रायपुर के पुराने धमतरी रोड स्थित कोलार इलाके में संचालित कल्पवृक्ष रिसोर्ट पर पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए कथित अवैध कैसिनो का भंडाफोड़ किया है। रिसोर्ट के भीतर संचालित खोखी झीमखाना क्लब में बिना वैधानिक अनुमति के हाईप्रोफाइल जुआ गतिविधियां संचालित होने की सूचना पर यह कार्रवाई की गई। जानकारी के अनुसार, मुखबिर से मिली सूचना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम का गठन कर रिसोर्ट में छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने क्लब परिसर के अंदर कैसिनो जैसी व्यवस्था पाई। यहां पोकर और रमी जैसे खेलों के लिए विशेष टेबलें लगाई गई थीं। साथ ही बड़ी संख्या में ताश की गड्डियां और अन्य जुआ सामग्री भी बरामद की गई। इस मामले में संचालकों को नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए तलब किया गया है। इसके अलावा दस्तावेज भी मांगे गए हैं। कार्ड टेबल और गेमिंग सामग्री जब्त, गेमिंग जोन सील छापेमारी के दौरान पुलिस और प्रशासन की टीम ने पोकर कार्ड टेबल, रमी गेमिंग टेबल सहित अन्य गेमिंग सामग्री जब्त कर ली। इसके साथ ही पूरे गेमिंग जोन को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में क्लब के संचालन और वहां संचालित गेमिंग गतिविधियों से जुड़ी कई अनियमितताएं सामने आई हैं। मामले की विस्तृत जांच जारी है और संबंधित दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है। क्लब संचालकों को नोटिस जारी, दस्तावेज मांगे गए पुलिस ने क्लब संचालकों को नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए तलब किया है। साथ ही क्लब के संचालन से संबंधित सभी वैधानिक दस्तावेज, लाइसेंस और आवश्यक अनुमति पत्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। फिलहाल पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम मामले की जांच में जुटी हुई है। अधिकारियों के अनुसार, जब्त की गई सामग्री का पंचनामा तैयार किया जा रहा है। वहीं, संबंधित दस्तावेजों और अनुमतियों की जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।


