जौनपुर के पूर्वांचल विश्वविद्यालय प्रशासन ने ‘यूपी प्रमाण’ पोर्टल पर सूचनाएं अपलोड न करने वाले संबद्ध स्ववित्तपोषित महाविद्यालयों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। विश्वविद्यालय ने इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए सख्त चेतावनी जारी की है। विश्वविद्यालय के कुलसचिव केशलाल ने सभी महाविद्यालयों के प्राचार्यों को एक पत्र जारी किया है। इसमें उन्हें तत्काल लंबित सूचनाएं पूरी करने का निर्देश दिया गया है। चेतावनी में स्पष्ट कहा गया है कि निर्देशों का पालन न करने पर संबंधित संस्थानों के विरुद्ध कार्रवाई की जा सकती है। विश्वविद्यालय द्वारा जारी पत्र में बताया गया है कि क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी, वाराणसी, लगातार पोर्टल पर सूचना फीडिंग की प्रगति की समीक्षा कर रहे हैं। शासन स्तर पर भी इस पूरी प्रक्रिया की नियमित निगरानी की जा रही है। इसके बावजूद, कई महाविद्यालयों ने अभी तक निर्धारित सूचनाएं पोर्टल पर अपलोड नहीं की हैं। ‘यूपी प्रमाण’ पोर्टल पर स्ववित्तपोषित महाविद्यालयों को पंजीकरण कराने के साथ ही पोर्टल के पैरामीटर एक से 44 तक संबंधित सभी सूचनाओं की प्रस्तुतीकरण प्रक्रिया पूरी करनी है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि पोर्टल पर अपलोड की जा रही जानकारियों का सत्यापन शासन स्तर पर किया जा रहा है। ऐसे में किसी भी प्रकार की लापरवाही महाविद्यालयों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बन सकती है।


