प्रतापगढ़ में सकल जैन समाज ने जैन संतों की सुरक्षा सहित विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। समाजजनों ने वाहन रैली निकालकर मिनी सचिवालय पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर को मुख्यमंत्री और केंद्रीय गृहमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में जैन संतों और साध्वियों के विहार के दौरान हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई। समाज के प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि ये घटनाएं सामान्य दुर्घटनाएं नहीं, बल्कि सुनियोजित षड्यंत्र का हिस्सा हो सकती हैं। सकल जैन समाज के गजेंद्र चंडालिया ने बताया- हाल ही में मध्य प्रदेश के रीवा में विहार कर रही दो जैन साध्वियों को एक वाहन ने टक्कर मार दी थी। इस घटना में एक साध्वी का उपचार के दौरान निधन हो गया। चंडालिया के अनुसार, मौके पर मिले साक्ष्य और सीसीटीवी फुटेज घटना को संदिग्ध बनाते हैं। समाजजनों ने कहा कि जैन संत निहत्थे और तपस्वी जीवन जीते हुए बिना किसी भौतिक संसाधन के विहार करते हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। ज्ञापन में इन घटनाओं की उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और जैन संतों के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा नीति बनाने की मांग की गई है। समाज ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो आगे अहिंसक आंदोलन किया जाएगा।


