अमरोहा में होमगार्ड परीक्षा की तैयारी पूरी:25 से 27 अप्रैल तक 28,224 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा, DM ने दिए निर्देश

अमरोहा में होमगार्ड परीक्षा की तैयारी पूरी:25 से 27 अप्रैल तक 28,224 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा, DM ने दिए निर्देश

अमरोहा के जिलाधिकारी नितिन गौड़ ने होमगार्ड भर्ती परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा बैठक की। यह परीक्षा जिले में 25, 26 और 27 अप्रैल को आयोजित की जाएगी, जिसमें कुल 28,224 अभ्यर्थी शामिल होंगे। जिलाधिकारी ने परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और नकलविहीन संपन्न कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक और पर्यवेक्षकों को निर्देशित किया कि परीक्षा को सकुशल, निर्विघ्न, निष्पक्षता एवं शुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाए। महिला अभ्यर्थियों की जांच अनिवार्य रूप से महिला कार्मिकों द्वारा ही की जाए। साथ ही, परीक्षा केंद्र के अंदर उपस्थित सभी कार्मिकों को अपने फोटोयुक्त पहचान पत्र प्रदर्शित करना अनिवार्य होगा। यह होमगार्ड भर्ती परीक्षा जनपद के 10 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी। प्रत्येक पाली में 4704 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में होगी: प्रथम पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और द्वितीय पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक। डीएम ने सभी मजिस्ट्रेटों और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की जांच कर लें। केंद्रों पर पेयजल, निर्बाध विद्युत आपूर्ति और बेहतर प्रकाश की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। कक्ष निरीक्षकों की अच्छी तरह से ब्रीफिंग और ट्रेनिंग कराने के साथ ही, परीक्षा के दौरान सभी अधिकारी भ्रमणशील रहें। प्रश्न पत्रों को कोषागार से परीक्षा केंद्रों तक पुलिस अभिरक्षा में प्रोटोकॉल का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करते हुए ले जाया जाएगा। परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल, यूएसबी ड्राइव, कैमरा, वॉच, चाबियां, ब्लूटूथ, डिजिटल पेन, हेल्थ बैंड जैसे इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पूर्णतः प्रतिबंधित रहेंगे। अभ्यर्थी केवल पेन, प्रवेश पत्र और आईडी कार्ड के साथ ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश कर सकेंगे। पुलिस अधीक्षक लखन सिंह यादव ने बताया कि समस्त परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए यातायात प्रबंधन की समुचित व्यवस्था भी की गई है। बैठक में अपर जिलाधिकारी गरिमा सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश भदौरिया, सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापक सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *