श्रावस्ती में गर्भवती विवाहिता की हुई थी मौत,आरोपी पति गिरफ्तार:दहेज हत्या का केस दर्ज, मायके पक्ष ने प्रताड़ना का लगाया है आरोप

श्रावस्ती में गर्भवती विवाहिता की हुई थी मौत,आरोपी पति गिरफ्तार:दहेज हत्या का केस दर्ज, मायके पक्ष ने प्रताड़ना का लगाया है आरोप

श्रावस्ती के सिरसिया थाना क्षेत्र के बड़का धर्मांतपुर में 22 मई को 21 वर्षीय एक गर्भवती विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान सुधा देवी पत्नी राम कुमार के रूप में हुई है, जो चार माह की गर्भवती थीं। पुलिस ने इस मामले में आरोपी पति राम कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका के मायके पक्ष के अनुसार, सुधा देवी की शादी 4 जुलाई 2025 को राम कुमार से हुई थी। उनके पिता जवाहिर निषाद एलहवा गोडियन पुरवा भंगहा के निवासी हैं। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था, जिसके चलते पूर्व में महिला थाना भिनगा में सुलह-समझौता भी कराया गया था। मृतका की मां फूला देवी ने बताया कि घटना वाले दिन सुधा ने अपने बड़े भाई से फोन पर बात की थी। इसके कुछ समय बाद ससुराल पक्ष से उन्हें सुधा की मौत की सूचना मिली। उस समय मृतका का भाई काम पर बाहर था, जिसने तत्काल 112 पर पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही सिरसिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। परिजनों का आरोप है कि सुधा देवी ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उनकी हत्या की गई है। उनका यह भी कहना है कि शादी को अभी एक वर्ष भी पूरा नहीं हुआ था। पति बाहर काम करता था और लंबे समय तक घर से अनुपस्थित रहता था, साथ ही पत्नी को घर खर्च भी नहीं देता था। मृतका के पिता जवाहिर निषाद ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके दामाद के किसी अन्य महिला से संबंध थे, जिसके कारण वह उनकी बेटी के साथ मारपीट करता था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही सुधा को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। पुलिस ने मायके पक्ष की तहरीर पर दहेज हत्या से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना क्षेत्राधिकारी भिनगा द्वारा की जा रही है। पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर आरोपी पति को बेचई पुरवा चौराहे से गिरफ्तार किया गया है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *