Prateek Yadav Death News: समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के छोटे भाई प्रतीक यादव के निधन की खबर ने राजनीतिक गलियारों के साथ-साथ फिल्म और फिटनेस जगत को भी झकझोर दिया है। 38 साल की उम्र में प्रतीक यादव ने दुनिया को अलविदा कह दिया। लेकिन उनकी जिंदगी का एक ऐसा पहलू भी था, जिसे बहुत कम लोग जानते थे। वह अभिनेता और फिटनेस आइकॉन विद्युत जामवाल के बेहद करीबी दोस्तों में गिने जाते थे।
प्रतीक यादव और विद्युत की गहरी थी दोस्ती
सोशल मीडिया पर अगर नजर डाली जाए तो प्रतीक यादव और विद्युत जामवाल की दोस्ती की कई झलकियां देखने को मिलती हैं। दोनों अक्सर साथ समय बिताते नजर आते थे। कभी डिनर पार्टी तो कभी फिटनेस से जुड़े खास पल, प्रतीक कई बार अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में विद्युत का जिक्र करते दिखाई दिए। इतना ही नहीं, वह अक्सर विद्युत की फिटनेस और अनुशासन की तारीफ भी किया करते थे।
अक्सर दोनों साथ खाते थे खाना
करीबी सूत्रों के मुताबिक प्रतीक यादव और विद्युत जामवाल के बीच सिर्फ औपचारिक पहचान नहीं थी, बल्कि दोनों के बीच गहरी दोस्ती थी। प्रतीक अक्सर विद्युत को अपने घर खाने पर बुलाते थे। कई मौकों पर दोनों की साथ बैठकर खाना खाते हुए तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर वायरल हुई थीं। फिटनेस को लेकर दोनों की सोच काफी मिलती-जुलती थी और यही वजह थी कि उनकी दोस्ती समय के साथ और मजबूत होती चली गई।
हालांकि प्रतीक यादव के निधन के बाद अब तक विद्युत जामवाल की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। लेकिन सोशल मीडिया पर लोग लगातार अभिनेता से इस दुखद घटना पर प्रतिक्रिया देने की उम्मीद कर रहे हैं।
अचानक बिगड़ी तबीयत
बताया जा रहा है कि प्रतीक यादव की तबीयत पिछले कुछ दिनों से खराब चल रही थी। उन्हें अप्रैल के आखिर में लखनऊ के एक बड़े अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कुछ दिन इलाज के बाद हालत में सुधार बताया गया, लेकिन बाद में उन्होंने अस्पताल छोड़ दिया। बुधवार सुबह अचानक उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें सिविल अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
डॉक्टरों के अनुसार अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी सांसें और दिल की धड़कन बंद हो चुकी थीं। फिलहाल मौत की असली वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए केजीएमयू भेजा गया है।
राजनीतिक परिवार से रखते थे संबंध
प्रतीक यादव, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे। उनकी पत्नी अपर्णा यादव भाजपा नेता हैं और वर्तमान में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग में उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रही हैं। घटना की सूचना मिलते ही अपर्णा यादव असम से लखनऊ के लिए रवाना हो गईं।
समाजवादी पार्टी ने भी सोशल मीडिया के जरिए गहरा दुख व्यक्त किया। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रतीक यादव को विनम्र श्रद्धांजलि दी।
फिटनेस प्रेमी और शांत स्वभाव के थे प्रतीक
राजनीति से दूरी बनाए रखने वाले प्रतीक यादव फिटनेस और निजी जीवन को लेकर काफी चर्चा में रहते थे। जिम और हेल्थ को लेकर उनका जुनून सोशल मीडिया पोस्ट में साफ दिखाई देता था। यही वजह थी कि उनकी दोस्ती फिटनेस इंडस्ट्री और बॉलीवुड के कई सितारों से थी। विद्युत जामवाल के साथ उनकी दोस्ती भी इसी साझा सोच से शुरू हुई थी। अब उनके निधन के बाद सोशल मीडिया पर लोग पुराने पोस्ट और तस्वीरें साझा कर उन्हें याद कर रहे हैं।


