कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी पर सियासत तेज, भूपेश बोले- फैसला हाईकमान का, मैं बुद्धि नहीं लगाता !

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी पर सियासत तेज, भूपेश बोले- फैसला हाईकमान का, मैं बुद्धि नहीं लगाता !

Chhattisgarh Congress President: छत्तीसगढ़ कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी को लेकर सियासत एक बार फिर गरमा गई है। इस बीच पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने साफ कहा कि प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष का फैसला हाईकमान का विषय है और वह इस पर अपनी राय नहीं देते। वहीं, टीएस सिंहदेव के बयानों पर प्रतिक्रिया देने से भी उन्होंने इनकार कर दिया। प्रेसवार्ता में भूपेश ने केंद्र सरकार पर भी जमकर हमला बोला और देश में अघोषित आपातकाल जैसे हालात होने का आरोप लगाया।

Chhattisgarh Congress President: टीएस सिंहदेव के बयान पर बनाई दूरी

पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के हालिया बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए भूपेश बघेल ने कहा कि वह टीएस सिंहदेव के किसी भी बयान पर प्रतिक्रिया नहीं देते। उनके इस बयान को कांग्रेस के अंदर चल रही बयानबाजी से दूरी बनाने के तौर पर देखा जा रहा है। भूपेश बघेल ने वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज का समर्थन करते हुए कहा कि दीपक बैज पिछले साढ़े तीन साल से कांग्रेस का नेतृत्व कर रहे हैं और पूरी पार्टी उनके नेतृत्व में काम कर रही है।

‘फैसला हाईकमान करेगा’

प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष के पद को लेकर जारी अटकलों पर विराम लगाते हुए भूपेश बघेल ने कहा कि किसे कौन सी जिम्मेदारी मिलेगी, इसका फैसला पार्टी हाईकमान करेगा। उन्होंने कहा, “मैं इन सब मामलों में अपनी बुद्धि नहीं लगाता।” प्रदेश संगठन की राजनीति से अलग भूपेश बघेल ने प्रेसवार्ता में केंद्र सरकार पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने देश के मौजूदा हालातों की तुलना अघोषित आपातकाल से करते हुए कहा कि लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश हो रही है।

‘देश में अघोषित आपातकाल’

भूपेश बघेल ने कहा कि आज देश में मीडिया पर दबाव है, व्यापारिक जगत को डराकर चुप कराया जा रहा है और लोकतांत्रिक संस्थाएं कमजोर हो रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि देश आर्थिक आपातकाल की ओर बढ़ रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री ने युवा पीढ़ी यानी Gen-Z को लोकतंत्र का सबसे बड़ा रक्षक बताया। उन्होंने कहा, “आज Gen-Z का जमाना है। इस पीढ़ी में लोकतंत्र के प्रति गहरी आस्था है और यही पीढ़ी देश को नई दिशा दे सकती है।”

राहुल गांधी का भी किया जिक्र

भूपेश बघेल ने कहा कि राहुल गांधी लगातार युवाओं को संगठन में आने का न्योता दे रहे हैं। इस बार संगठन चुनाव में 90 के दशक के बाद जन्मे युवा नेतृत्व की भूमिका में नजर आएंगे। भूपेश बघेल ने केंद्र और राज्य सरकार दोनों पर हमला बोलते हुए कहा कि पेट्रोल, डीजल और गैस सिलेंडर के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे आम जनता परेशान है।

Chhattisgarh Congress President: बिजली संकट की चेतावनी

उन्होंने राज्य सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में बिजली संकट की आहट सुनाई दे रही है। रोजाना बिजली समस्याएं बढ़ रही हैं और इसका सीधा असर आम जनता पर पड़ रहा है। अपने बयान के अंत में भूपेश बघेल ने कहा कि देश के हालात बदलने की सबसे बड़ी ताकत युवा हैं और उन्हें पूरा भरोसा है कि नई पीढ़ी लोकतंत्र को मजबूत करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *