राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) में जारी सियासी घमासान अब और तेज हो गया है। RCA की एडहॉक कमेटी के सदस्य अर्जुन बेनीवाल को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। सुप्रीम कोर्ट ने हनुमानगढ़ जिला क्रिकेट संघ के पूर्व सचिव मनीष धारणिया को राहत देते हुए अर्जुन बेनीवाल की नियुक्ति पर स्टे लगा दिया है। कोर्ट के इस फैसले के बाद RCA की मौजूदा एडहॉक कमेटी में बहुमत को लेकर भी संकट खड़ा हो गया है। दरअसल, राजस्थान सरकार ने हाल ही में राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के चुनाव करवाने और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को संभालने के लिए पांच सदस्यीय एडहॉक कमेटी का गठन किया था। इस कमेटी में हनुमानगढ़ जिला क्रिकेट संघ के सचिव अर्जुन बेनीवाल को भी सदस्य बनाया गया था। लेकिन उनकी नियुक्ति शुरू से ही विवादों में रही और मामला कोर्ट तक पहुंच गया था। शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट में इस मामले पर सुनवाई हुई। कोर्ट ने हनुमानगढ़ जिला क्रिकेट संघ के पूर्व सचिव मनीष धारणिया को राहत देते हुए अर्जुन बेनीवाल की नियुक्ति पर रोक लगा दी। इसके बाद RCA की राजनीति में हलचल और तेज हो गई है। माना जा रहा है कि इस फैसले का सीधा असर एडहॉक कमेटी की कार्यप्रणाली और आगामी चुनावी प्रक्रिया पर पड़ सकता है। सुप्रीम कोर्ट से राहत मिलने के बाद मनीष धारणिया जयपुर स्थित राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि हनुमानगढ़ जिला क्रिकेट संघ की चुनाव प्रक्रिया को गलत तरीके से रोककर अर्जुन बेनीवाल को नियुक्ति दी गई थी। उन्होंने बताया कि इस मामले में पहले सिंगल बेंच ने उन्हें राहत दी थी, लेकिन बाद में डबल बेंच ने बेनीवाल की नियुक्ति को सही ठहरा दिया था। अब सुप्रीम कोर्ट ने फिर से उन्हें राहत देते हुए नियुक्ति पर स्टे लगा दिया है। मनीष धारणिया ने कहा कि वह सुप्रीम कोर्ट का आदेश लेकर RCA कार्यालय पहुंचे हैं और उन्होंने आधिकारिक रूप से कोर्ट का आदेश जमा भी करा दिया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अब जल्द ही वह अपने साथियों के साथ मिलकर राजस्थान क्रिकेट के विकास के लिए काम करेंगे और क्रिकेट प्रशासन को पारदर्शी तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा। इधर, इस पूरे मामले को लेकर RCA एडहॉक कमेटी के कन्वीनर डॉ. मोहित यादव का भी पक्ष सामने आया है। उन्होंने कहा कि फिलहाल उन्हें कोर्ट के आदेश की कोई जानकारी नहीं है और अभी तक उन्हें आधिकारिक रूप से कोई ऑर्डर प्राप्त नहीं हुआ है। वहीं, विवादों में घिरे अर्जुन बेनीवाल ने फिलहाल पूरे मामले पर चुप्पी साध रखी है। राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन में पहले से ही प्रशासनिक और राजनीतिक खींचतान जारी है। ऐसे में सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले ने RCA की मौजूदा एडहॉक कमेटी की स्थिति को और कमजोर कर दिया है। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि सरकार आगे क्या कदम उठाती है, और आगामी चुनाव प्रक्रिया पर इसका क्या असर पड़ता है।


