अनुप्रिया पटेल ने आपदा पीड़ितों को सहायता चेक सौंपा:राज्य आपदा निधि से 4-4 लाख के चेक दिए, हर संभव मदद का आश्वासन

अनुप्रिया पटेल ने आपदा पीड़ितों को सहायता चेक सौंपा:राज्य आपदा निधि से 4-4 लाख के चेक दिए, हर संभव मदद का आश्वासन

मिर्जापुर में 13 मई को आए भीषण आंधी-तूफान में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों से शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने मुलाकात की। उन्होंने विभिन्न गांवों का दौरा कर मृतकों के परिवारों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की और राज्य आपदा मोचन निधि से चार-चार लाख रुपए के सहायता चेक प्रदान किए। केंद्रीय मंत्री सबसे पहले मझवां विकास खंड के ग्राम केवटावीर पहुंचीं। यहां उन्होंने आंधी के दौरान दीवार गिरने से मृत हुई वंदना पत्नी भगवान दास के परिजनों से मुलाकात की। इसके बाद, उन्होंने चुनार तहसील के ग्राम विदापुर जाकर टीनशेड की चपेट में आने से मृत हुई वेला पत्नी हंसराज के परिवार को सांत्वना दी और सहायता राशि का चेक सौंपा। अपने दौरे के क्रम में, केंद्रीय मंत्री ने पहाड़ी विकास खंड के ग्राम सूर्यपुर में लालता प्रसाद, ग्राम मोहनपुर भवरख में सरोज देवी, महेवा में बिहारी बिंद और ग्राम छटहा धरमदेवा में शेरू बिंद के परिजनों से भी मुलाकात की। इन सभी मृतकों के आश्रितों को भी राज्य आपदा मोचन निधि से चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।ग्राम सूर्यपुर में मृतक लालता प्रसाद के परिवार से मुलाकात के दौरान, ग्रामीणों ने उनकी उम्र लगभग 70 वर्ष बताई। इस पर केंद्रीय मंत्री ने मौके पर मौजूद उप जिलाधिकारी सदर महेंद्र सिंह को निर्देश दिया कि परिवार को वयोवृद्ध आयुष्मान योजना के तहत प्राथमिकता के आधार पर आयुष्मान कार्ड उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने मृतक की पत्नी को विधवा पेंशन और कृषक दुर्घटना बीमा योजना से भी लाभान्वित करने के निर्देश दिए।केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने अधिकारियों से कहा कि आंधी-तूफान से प्रभावित सभी परिवारों को शासन द्वारा अनुमन्य सहायता योजनाओं का लाभ तत्काल उपलब्ध कराया जाए।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *