देवरिया जिले की सुरौली पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक 5 वर्षीय बिछड़े बच्चे को छह घंटे के भीतर उसके परिजनों से सकुशल मिला दिया। इस मानवीय कार्रवाई के लिए परिजनों ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। यह घटना शुक्रवार सुबह 10 बजे सामने आई, जब डायल 112 पर मुकेश यादव नामक व्यक्ति ने सूचना दी। उन्होंने बताया कि लक्ष्मीपुर निवासी रामकरन यादव के पुत्र मुकेश यादव ने पुलिस को सूचित किया कि एक लगभग 4-5 वर्ष का बच्चा सड़क पर अकेला भटक रहा है और अपने परिवार से बिछड़ा हुआ लग रहा है। सूचना मिलते ही सुरौली थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और बच्चे को सुरक्षित अपनी निगरानी में लिया। पूछताछ में बच्चे ने अपना नाम अभिनव और पिता का नाम राहुल गौतम बताया। उसने यह भी जानकारी दी कि वह रघवापुर, कसया रोड, थाना कोतवाली क्षेत्र का निवासी है और मलकौली में अपने रिश्तेदारों के यहां आया था, जहां वह बिछड़ गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बच्चे के परिजनों से संपर्क स्थापित किया। शुक्रवार को ही शाम 4 बजे बच्चे को उसके परिवार को सुरक्षित सौंप दिया गया। परिजनों ने बताया कि वे मलकौली में अपने रिश्तेदारों के यहां आए थे, और वहीं से बच्चा अचानक गुम हो गया था। अपने बच्चे को सुरक्षित पाकर परिजन भावुक हो उठे। उन्होंने सुरौली पुलिस की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। पुलिस की इस त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई से एक संभावित अनहोनी टल गई और परिवार को बड़ी राहत मिली।


