नीमच नगरपालिका ने शहर को हरा-भरा बनाने के लिए एक व्यापक पौधारोपण अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत पूरे जून माह में शहर के विभिन्न हिस्सों में लगभग 80,000 पौधे लगाए जाएंगे। इस कार्यक्रम का शुभारंभ पर्यावरण दिवस के अवसर पर जवाहर नगर स्थित वीनू वाटिका से हुआ। अभियान के उद्घाटन समारोह में क्षेत्रीय विधायक दिलीप सिंह परिहार और नगरपालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ नगरपालिका सीएमओ दुर्गा बामनिया, भाजपा मंडल अध्यक्ष दारा सिंह यादव, पार्षद जिनेंद्र मेहता और निलेश पाटीदार सहित कई गणमान्य नागरिकों ने पीपल, नीम, जामुन और आम जैसे छायादार व फलदार पौधे रोपे। मीडिया से बात करते हुए नगरपालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने कहा कि यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया है। उन्होंने ‘पेड़ लगाना धर्म हमारा, उसे बचाना कर्म हमारा’ का नारा देते हुए बताया कि नीमच नगरपालिका उज्जैन संभाग में पौधारोपण में पहले स्थान पर है और अब उनका लक्ष्य मध्य प्रदेश में विशिष्ट स्थान प्राप्त करना है। उन्होंने पर्यावरण सुरक्षा को मानव जीवन के लिए महत्वपूर्ण बताया। विधायक दिलीप सिंह परिहार ने प्रधानमंत्री मोदी के ‘एक पेड़ माँ के नाम’ संदेश का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रकृति हमें जीवनदायिनी हवा, छाया, फल और फूल देती है, इसलिए हमारा कर्तव्य है कि हम प्रकृति को कुछ लौटाएं। उन्होंने फलदार वृक्षों के लाभ पर जोर दिया और कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी देखभाल और संरक्षण भी अत्यंत आवश्यक है। इस खास मौके पर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं, वार्ड के जागरूक रहवासियों सहित नगरपालिका के तमाम अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे, जिन्होंने पर्यावरण को बचाने और नीमच को सुंदर बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।


