पोकरण : दो हाइवे, हजारों वाहन और रफ्तार बेलगाम, इंटरसेप्टर नदारद

पोकरण : दो हाइवे, हजारों वाहन और रफ्तार बेलगाम, इंटरसेप्टर नदारद

पोकरण. क्षेत्र में संचालित हो रहे वाहनों की गति की जांच करने एवं उस पर नियंत्रण को लेकर पुलिस के पास न तो कोई उपकरण है, न ही इंटरसेप्टर वाहन। जिसके कारण वाहनों की गति पर लगाम नहीं लग रही है और आए दिन क्षेत्र में हादसे भी हो रहे है।

गौरतलब है कि सरहदी जिले का पोकरण कस्बा दो राष्ट्रीय राजमार्गों से जुड़ा हुआ है। राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या- 11 बीकानेर-जैसलमेर और 125 जोधपुर-पोकरण से जुड़ा होने के कारण यहां दिन-रात वाहनों का तांता लगा रहता है। स्वर्णनगरी जैसलमेर जाने वाले 90 प्रतिशत पर्यटक पोकरण होकर गुजरते है। इसके अलावा क्षेत्र के रामदेवरा गांव में वर्षभर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहता है। ये श्रद्धालु भी पोकरण से ही निकलते है। राष्ट्रीय राजमार्गों पर वाहन चालक तेज गति से निकलते है। इन वाहनों की जांच करने एवं टोकने वाला कोई नहीं है। जिसके कारण आए दिन तेज गति से निकलते वाहनों से हादसे का भी भय बना रहता है। दो राष्ट्रीय राजमार्गों से जुड़ा होने एवं प्रतिदिन सैकड़ों वाहनों की आवाजाही के बावजूद पोकरण पुलिस के पास न तो इंटरसेप्टर वाहन है, न ही गति नापने का कोई यंत्र। सरकार की ओर से पुलिस को अत्याधुनिक उपकरण उपलब्ध करवाने के दावे किए जा रहे है। जबकि सीमांत जिले के महत्वपूर्ण पुलिस थाने में ही वाहन व यंत्र का अभाव है।

चालान भी मुश्किल

इंटरसेप्टर वाहन या गति नापने का कोई यंत्र नहीं होने के कारण पुलिस के लिए वाहनों का चालान करना भी मुश्किल हो जाता है। हालांकि क्षेत्र के लाठी-जैसलमेर के बीच एक इंटरसेप्टर वाहन खड़ा किया जाता है, लेकिन पोकरण जैसे महत्वपूर्ण पुलिस थाने में वाहन या गति नापने का यंत्र नहीं होने के कारण तेज गति से निकलते वाहन का चालान नहीं हो पाता है।

…तो फिर हादसों पर कैसे लगेगा अंकुश

क्षेत्र के दो राष्ट्रीय राजमार्गों पर वाहन चालक तेज गति से निकलते है। तेज गति के कारण आए दिन वाहन दुर्घटनाग्रस्त भी हो रहे है। जांच की कोई व्यवस्था नहीं होने के कारण वाहनों की गति नियंत्रित नहीं हो पा रही है। कई बार हादसों में लोग जान भी गंवा चुके है। बावजूद इसके पोकरण थानाक्षेत्र में इंटरसेप्टर वाहन या गति नापने का कोई यंत्र उपलब्ध करवाने को लेकर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।

की जा रही है कार्रवाई

पोकरण में इंटरसेप्टर वाहन उपलब्ध नहीं है। प्रतिदिन नाकाबंदी कर यातायात नियमों के उल्लंघन पर चालान काटे जा रहे है। गति मापने का कोई यंत्र या इंटरसेप्टर मिलती है तो तेज गति से निकलने वाले वाहनों के विरुद्ध भी कार्रवाई हो सकेगी।

– सवाईसिंह, प्रभारी यातायात पुलिस, पोकरण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *