सोमालिया (Somalia) के तट से जहाजों का किडनैप होना कोई नई बात नहीं है, बल्कि लंबे समय से चली आ रही समस्या है। समय-समय पर इस तरह के मामले देखने को मिलते हैं जब समुद्री लुटेरे मालवाहक जहाज को किडनैप कर लेते हैं। इसी तरह का एक और मामला अब देखने को मिला है। यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (UKMTO) ने जानकारी दी कि रविवार को देर रात समुद्री लुटेरों ने एक मालवाहक जहाज को किडनैप कर लिया। यह घटना गाराकाड (Garacad) शहर से लगभग 6 समुद्री मील उत्तर-पूर्व में हुई।
समुद्री सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा
UKMTO के अनुसार समुद्री लुटेरों ने जहाज को किडनैप करने के बाद उसे सोमालिया के क्षेत्रीय जल क्षेत्र में दक्षिण की ओर मोड़ दिया। यह घटना समुद्री सुरक्षा के लिए एक बड़ा खतरा है, क्योंकि सोमालिया में एक बार फिर समुद्री लूट के मामले तेज़ी से बढ़ रहे हैं।
किस वजह से बढ़ रहे हैं समुद्री लूट के मामले?
एक्सपर्ट्स का मानना है कि यमन में हूती विद्रोहियों की गतिविधियाँ, क्षेत्रीय अस्थिरता और सोमालिया में आर्थिक-सामाजिक समस्याएं सोमालिया में समुद्री लूट बढ़ने का कारण हैं। पिछले कुछ महीनों में मछली पकड़ने वाले जहाजों, मालवाहक जहाजों और छोटे टैंकरों पर हमलों और इनकी किडनैपिंग के मामले बढ़े हैं। पाइरेट्स अक्सर इन छोटे जहाजों को ‘मदर शिप’ के रूप में इस्तेमाल करते हैं जिससे दूर तक हमला कर सकें।
बढ़ रहा है खतरा
इस घटना से अंतर्राष्ट्रीय जलमार्ग प्रभावित होने का खतरा है, जिसका असर समुद्री व्यापार पर पड़ेगा। अगर समुद्री लूट के मामले बढ़े, तो बीमा लागत बढ़ेगी और व्यापारिक जहाजों की आवाजाही प्रभावित होगी, जिसका असर व्यापारिक लागत पर भी पड़ेगा और वो बढ़ जाएगी। साथ ही खतरे वाले जलमार्ग की जगह अब वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल बढ़ सकता है, जिससे सामान की आवाजाही का समय बढ़ेगा।


