श्योपुर कलेक्ट्रेट में मंगलवार को जनसुनवाई के दौरान एक वृद्ध की तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। घटना के बाद कलेक्ट्रेट परिसर में हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद लोगों ने आशंका जताई है कि वृद्ध ने आवेदन देने के बाद कोई जहरीला पदार्थ पी लिया था। घटना का वीडियो भी सामने आया है। मृतक की पहचान श्योपुर निवासी देवेंद्र गोयल के रूप में हुई है। वह अपनी दुकान पर कथित कब्जे की शिकायत लेकर जनसुनवाई में पहुंचे थे। उन्होंने अपने रिश्तेदारों पर दुकान हड़पने का आरोप लगाया था। परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, देवेंद्र गोयल इस मामले को लेकर पहले भी कई बार अधिकारियों से शिकायत कर चुके थे, लेकिन उन्हें कोई समाधान नहीं मिला था। अचानक बिगड़ी तबीयत जनसुनवाई के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल एंबुलेंस बुलाकर उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हालांकि, जहरीला पदार्थ पीने की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सत्यम गुर्जर ने बताया कि वृद्ध की पत्नी की शिकायत पर मर्ग कायम कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


