छतरपुर में चलती कार में आग लगी:45॰ गर्मी के बीच स्थानीय लोगों की तत्परता से कार सवारों की जान बची

छतरपुर में चलती कार में आग लगी:45॰ गर्मी के बीच स्थानीय लोगों की तत्परता से कार सवारों की जान बची

छतरपुर शहर में भीषण गर्मी के बीच मंगलवार को सागर रोड स्थित विराज मंडपम के सामने चलती कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते कार से धुआं और आग की तेज लपटें उठने लगीं, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि स्थानीय लोगों की सूझबूझ और तत्परता से कार में सवार सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। जानकारी के मुताबिक घटना उस समय हुई जब कार सागर रोड से गुजर रही थी। इसी दौरान अचानक वाहन के इंजन हिस्से से धुआं निकलना शुरू हुआ और कुछ ही पलों में आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया। सड़क पर चल रहे लोगों और आसपास मौजूद दुकानदारों ने जैसे ही आग की लपटें देखीं, तुरंत मौके पर पहुंचकर मदद शुरू कर दी। लोगों ने तत्काल आग पर काबू पाया
स्थानीय नागरिकों ने पानी और उपलब्ध संसाधनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। लोगों की त्वरित कार्रवाई के चलते आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अगर कुछ देर और हो जाती तो आग पूरी कार में फैल सकती थी और गंभीर जनहानि भी हो सकती थी। घटना के दौरान कुछ समय के लिए सागर रोड पर यातायात भी प्रभावित रहा। आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई। हालांकि किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। जिले में 47॰ तक पहुंच रहा तापमान
इन दिनों छतरपुर भीषण गर्मी की चपेट में है। जिले में तापमान 45 से 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है। तेज गर्मी और लू के चलते आग लगने की घटनाओं में भी लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। इससे पहले भी जिले में आगजनी की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *