देवरिया में अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई:फर्म पर पांच लाख रुपये का जुर्माना लगा, बिना अनुमति मिट्टी निकाली

देवरिया में अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई:फर्म पर पांच लाख रुपये का जुर्माना लगा, बिना अनुमति मिट्टी निकाली

देवरिया में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। खनन विभाग ने एक फर्म पर 5 लाख रुपए का जुर्माना लगाया है। बिना अनुमति मिट्टी खनन की पुष्टि होने पर यह कार्रवाई की गई। संबंधित फर्म की अनुज्ञा निरस्त करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। अवैध खनन की लगातार मिल रही शिकायतों को जिलाधिकारी ने गंभीरता से लिया था। उन्होंने खनन विभाग को जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद खनन निरीक्षक जितेंद्र कुमार शर्मा ने विभिन्न क्षेत्रों में जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान देवरिया बाईपास प्राइवेट लिमिटेड फर्म द्वारा बिना अनुमति अवैध मिट्टी खनन किए जाने की पुष्टि हुई। जिलाधिकारी को रिपोर्ट सौंपे जाने के बाद फर्म पर पांच लाख रुपये का आर्थिक दंड लगाया गया। खनन निरीक्षक जितेंद्र शर्मा ने बताया कि फर्म को पहले नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया था। हालांकि, फर्म द्वारा संतोषजनक जवाब और साक्ष्य प्रस्तुत नहीं किए गए, जिसके बाद विभाग ने यह कठोर कार्रवाई की। इसी अभियान के तहत बनकटा और खुखुंदू थाना क्षेत्रों में अवैध खनन में लगी एक-एक जेसीबी मशीन भी पकड़ी गई। इन दोनों मशीनों को संबंधित थानों के सुपुर्द कर दिया गया है। डीएम मधुसूदन हुल्गी ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध खनन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित निगरानी रखने और सघन अभियान चलाकर अवैध खनन पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश दिए हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *