बीना. बिहरना वेयरहाउस में समर्थन मूल्य खरीदी केन्द्र खोले गए हैं और वहीं खरीदी की जा रही है। इसके बाद भी परिहवन के बाद उपज जमा करने के निर्देश समिति संचालकों को होने से हजारों क्विंटल उपज बाहर रखी है। रविवार को एसडीएम रवीश श्रीवास्तव, जिला विपणन अधिकारी रोहित बघेल टीम के साथ जांच करने समर्थन मूल्य केन्द्रों पर पहुंचे थे।
टीम जब मंडीबामोरा, सेमरखेड़ी केन्द्र का निरीक्षण कर रही थी, तभी हुई हल्की बारिश के कारण उपज भीग गई। इसी तरह अन्य केन्द्रों पर रखी हजारों क्विंटल उपज भीग गई। यदि तेज बारिश होती, तो बड़ा नुकसान हो जाता। इसके बाद वह बिहरना वेयर हाउस पहुंचे, जहां कंजिया, रामपुर, बीना इटावा समिति, बसाहरी केन्द्र का निरीक्षण किया। इन केन्द्रों पर भी हजारों क्विंटल उपज सीधे जमा न करते हुए परिवहन के इंतजार में बाहर रखी हुई थी। निरीक्षण के दौरान एसडीएम, जिला विपणन अधिकारी ने समिति संचालकों को सीधे वेयरहाउस में उपज जमा कराने के निर्देश दिए और इसके बाद कुछ समितियों की उपज जमा भी होने लगी थी। उपज जमा होने से केन्द्रों पर तौल के लिए जगह भी हो जाएगी। टीम ने पिपरासर, भानगढ़ केन्द्र का भी निरीक्षण किया। इस दौरान नायब तहसीलदार हेमराज मेहर, कनिष्ठ खाद्य आपूर्ति अधिकारी सौरभ यादव, डबल लॉक गोदाम प्रभारी नीलम राय, वेयरहाउस प्रबंधक संजय तिवारी, केन्द्र प्रभारी अरविंद जैन, कुलदीप तिवारी आदि उपस्थित थे। गौरतलब है कि इस वर्ष आदेश आया था कि वेयरहाउस में तौल के बाद उपज पहले ट्रक में लोड होगी और फिर तौल के बाद उसे जमा किया जाएगा। जबकि पिछले वर्षों में सीधे यह उपज जमा होती थी। पत्रिका ने यह मुद्दा लगातार उठाया और इसके बाद यह निर्णय लिया गया।
टीम ने देखी केन्द्रों की व्यवस्थाएं
निरीक्षण के दौरान टीम ने केन्द्रों पर छांव, पानी की व्यवस्था भी देखी। साथ ही खरीदे गए चना, मसूर के सैंपल भी लिए। केन्द्र संचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि किसानों की सुविधाओं का ध्यान रखा जाए। साथ ही किसानों से भी चर्चा कर उनकी समस्याएं जानी।
शाम तक नहीं पहुंचा था बारदाना
चना, मसूर खरीदी के लिए बारदाना नहीं है और रविवार शाम तक केन्द्रों पर बारदाना नहीं पहुंचा था। बारदाना न मिलने पर आज भी तौल होना संभव नहीं है। जबकि केन्द्रों पर किसान इंतजार कर रहे हैं। वहीं, अधिकारी सोमवार से तौल शुरू होने की बात कह रहे हैं।


