Kharaj Mukherjee Nepal flood : नेपाल में भारी बारिश और बाढ़ के बीच बंगाली अभिनेता खराज मुखर्जी फंस गए हैं। फिल्म की शूटिंग के लिए नेपाल गए खराज और उनकी पत्नी प्रतिभा सुरक्षित हैं। परिवार के मुताबिक, खराज पोखरा से गोरखपुर के रास्ते कोलकाता लौटने की तैयारी में हैं।
Kharaj Mukherjee Nepal flood: कोलकाता। नेपाल में लगातार हो रही भारी बारिश और बाढ़ के बीच बंगाली फिल्मों के चर्चित अभिनेता खराज मुखर्जी फंस गए हैं। वह फिल्म की शूटिंग के सिलसिले में नेपाल गए थे। खराब मौसम के कारण शूटिंग प्रभावित होने के साथ उनकी वापसी भी तय समय पर नहीं हो सकी। कुछ समय तक परिवार का उनसे संपर्क नहीं हो पाया, जिससे परिजनों की चिंता बढ़ गई। हालांकि, बाद में खराज से बात हुई और उन्होंने परिवार को बताया कि वह पूरी तरह सुरक्षित हैं। अब परिवार को उनके जल्द घर लौटने का इंतजार है। परिजनों के मुताबिक, खराज नेपाल के पोखरा से उत्तर प्रदेश के गोरखपुर पहुंचने की कोशिश करेंगे और इसके बाद सड़क मार्ग से कोलकाता लौटेंगे।
20 अगस्त को शूटिंग के लिए गए थे नेपाल
खराज के बड़े भाई श्रीराज मुखर्जी ने बताया कि खराज 20 अगस्त को फिल्म की शूटिंग के लिए नेपाल रवाना हुए थे। वहां पहुंचने के बाद लगातार भारी बारिश शुरू हो गई, जिसके कारण दो-तीन दिनों तक शूटिंग नहीं हो सकी। मौसम खराब होने से शूटिंग का पूरा कार्यक्रम प्रभावित हो गया और खराज तय समय पर वापस नहीं लौट पाए। श्रीराज ने बताया कि कुछ समय के लिए खराज से संपर्क नहीं हो पाया था, लेकिन बाद में उनसे बातचीत हुई। उन्होंने परिवार को बताया कि वह बाढ़ की स्थिति के बीच सुरक्षित हैं।
गोरखपुर के रास्ते लौटने की कोशिश करेंगे
श्रीराज ने कहा कि खराज नेपाल के पोखरा से उत्तर प्रदेश के गोरखपुर आने की कोशिश करेंगे। वहां से वह अपने घर कोलकाता लौटेंगे। परिवार को उम्मीद है कि वह जल्द सुरक्षित घर पहुंच जाएंगे। खराज की भाभी सास्वती ने भी बताया कि अभिनेता के 23 या 24 अगस्त तक वापस आने की योजना थी, लेकिन भारी बारिश के कारण शूटिंग समय पर पूरी नहीं हो सकी। इसके चलते उनकी वापसी की तारीख आगे बढ़ गई। उन्होंने कहा कि नेपाल में बाढ़ की खबरों के बाद परिवार की चिंता बढ़ गई थी। हालांकि खराज सुरक्षित हैं, लेकिन उनके घर लौटने तक परिवार की चिंता पूरी तरह खत्म नहीं होगी।
नेपाल-चीन सीमा के पास हो रही थी शूटिंग
जानकारी के मुताबिक, खराज मुखर्जी फिल्म ‘शिकार’ की शूटिंग के लिए नेपाल पहुंचे थे। शूटिंग नेपाल के रसुवा जिले के एक दूरदराज इलाके में हो रही थी। यह क्षेत्र नेपाल-चीन सीमा के करीब स्थित है। शूटिंग के दौरान अचानक भारी बारिश शुरू हो गई। पहाड़ी इलाकों में लगातार बारिश के कारण नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया और कई स्थानों पर बाढ़ के साथ भूस्खलन की स्थिति पैदा हो गई। इसके चलते शूटिंग रोकनी पड़ी।
सड़कें और पुल क्षतिग्रस्त, आवाजाही प्रभावित
भारी बारिश और बाढ़ के कारण कई इलाकों में सड़कें और पुल क्षतिग्रस्त हुए हैं। रास्ते प्रभावित होने से लोगों की आवाजाही मुश्किल हो गई। ऐसे में फिल्म की टीम के लिए भी प्रभावित क्षेत्र से बाहर निकलना आसान नहीं रहा। यही वजह रही कि खराज की वापसी में देरी हुई।
पत्नी भी साथ, रजताभ दत्ता पहले लौटे
खराज मुखर्जी के साथ उनकी पत्नी प्रतिभा मुखर्जी भी नेपाल में हैं। परिवार के अनुसार, दोनों सुरक्षित हैं। इसी फिल्म की शूटिंग में अभिनेता रजताभ दत्ता भी शामिल थे। हालांकि, उनका हिस्सा पहले पूरा हो गया था और वह नेपाल से पहले ही लौट चुके हैं। फिल्म ‘शिकार’ में अभिनेत्री अपू बिस्वास मुख्य भूमिका में नजर आएंगी।

