Nautapa 2026: आज से शुरू हुआ नौतपा, भीषण गर्मी के बीच आंधी-बारिश का अलर्ट

Nautapa 2026: आज से शुरू हुआ नौतपा, भीषण गर्मी के बीच आंधी-बारिश का अलर्ट

Nautapa 2026: आज सूर्य के दोपहर 3:38 बजे रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश के साथ ही, साल के सबसे गर्म नौ दिनों यानी नौतपा की शुरुआत है। ज्योतिषविदों के मुताबिक, इन नौ दिनों में सूर्य और पृथ्वी के बीच की दूरी काफी कम हो जाती है, जिससे भीषण गर्मी पड़ती है। हालांकि, इस बार नौतपा के शुरुआती छह दिनों के भीतर बुध और सूर्य की युति होने जा रही है, जिसके चलते तेज आंधी और बारिश के अनोखे योग भी बन रहे हैं।

अलवर के ज्योतिषाचार्य तपेश अवस्थी ने बताया कि नौतपा संस्कृत के ‘नव’ और ‘तप’ शब्द से मिलकर बना है, जिसका सीधा अर्थ होता है नौ दिनों की भारी तपिश। इस बार नौतपा अधिक मास में लग रहा है, इसलिए इस दौरान दान-पुण्य करने का महत्व बहुत अधिक रहेगा। खास बात यह है कि इस बार रोहिणी का निवास समुद्र में होने से आगामी समय में अच्छी वर्षा के मजबूत संकेत मिल रहे हैं। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, नौतपा के सभी दिनों में पड़ने वाली भीषण गर्मी को हमेशा से ही अच्छे मानसून का संकेत माना जाता रहा है।

आंधी-बारिश के आसार

दूसरी तरफ, ज्योतिषाचार्य पं. मोहनलाल शर्मा का कहना है कि 29 मई को सुबह 7:10 बजे बुध देव मिथुन राशि में प्रवेश करेंगे। इस कारण नौतपा के पहले छह दिन तो बहुत ज्यादा गर्म रहेंगे, लेकिन इसके बाद के तीन दिनों में मौसम का मिजाज बदलेगा और आंधी चलने व बारिश के आसार बनेंगे। इस बार मिथुन राशि में गुरु, शुक्र और बुध के आने से ‘त्रिग्रही योग’ भी बन रहा है। आगामी 30 मई से तेज आंधी और हल्की बारिश की संभावना है, जिससे इस बार नौतपा खंडित हो सकता है।

इस बीच, मौसम विभाग ने भी आने वाले दिनों में सामान्य से अधिक तापमान रहने की चेतावनी जारी की है। जयपुर मौसम केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार, आगामी एक सप्ताह तक राजस्थान के कई हिस्सों में हीट वेव (लू) का भयंकर दौर हावी रहेगा। इस दौरान पश्चिमी राजस्थान के रेतीले इलाकों में पारा 46 से 48 डिग्री और तक पहुंच सकता है। वहीं, अलवर सहित पूर्वी राजस्थान में भी तापमान 45 डिग्री से अधिक दर्ज होने का अनुमान है। हालांकि, मौसम विभाग ने भी माना है कि नौतपा के आखिरी दो से तीन दिनों में स्थानीय स्तर पर बूंदा-बांदी हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *