बुलंदशहर पुलिस ने हत्या के एक मामले में छह साल से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को हैदराबाद एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत हुई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बुलंदशहर के मिर्ची टोला, थाना कोतवाली नगर निवासी असद पुत्र हाजी अलीम के रूप में हुई है। उस पर साल 2021 में मौहल्ला मिर्ची टोला निवासी मौ. युनूस के भाई मौ. अलीम की हत्या का आरोप है। इस संबंध में 5 दिसंबर 2021 को थाना कोतवाली देहात में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस के अनुसार, असद घटना के बाद से ही फरार था। उसकी गिरफ्तारी के लिए लुकआउट नोटिस भी जारी किया गया था। लंबे समय तक गिरफ्तारी न होने के कारण वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने उस पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। असद के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी मामला दर्ज है। कोतवाली देहात पुलिस ने गुप्त सूचना और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपी को हैदराबाद एयरपोर्ट से पकड़ा। आरोपी को गिरफ्तार करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक रवि रतन सिंह, उपनिरीक्षक शिवम कुमार, अमित पटेरिया और हेड कांस्टेबल नितिनपाल शामिल थे। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।


