सागर में गुरुवार रात हवा-आंधी ने तांडव किया। तेज आंधी से कई घरों की चद्दर उड़ गए तो कुछ स्थानों पर पेड़ गिरे हैं। इसके साथ ही शहर में बिजली बंद हो गई। देर रात तक आधा शहर अंधेरे में डूबा रहा। इस दौरान करीब 40 किमी प्रतिघंटे से हवा चलने की बात कही जा रही है। इसके अलावा ग्रामीण इलाकों में आंधी चलने से लोग दहशत में रहे। जरुआखेड़ा में हाई स्कूल ग्राउंड के पास खेतों की नरवाई में लगी आग रहवासी बस्ती की ओर बढ़ने लगी। जिसे देख ग्रामीण दहशत में आ गए। उन्होंने तत्काल पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। फायर फाइटर की मदद से आग पर काबू पाने की मशक्कत शुरू की गई। लेकिन तेज हवा होने से आग लगातार आगे बढ़ने लगी। ऐसे में आसपास के पानी के टैंकर और स्थानीय पानी स्त्रोतों से आग पर काबू पाने की मशक्कत शुरू की गई। इसी बीच खुरई-सागर रोड पर स्थित सेमरा पुल पर खेत की नरवाई की आग आ गई। सड़क पर आग के अंगारों को उड़ते देख मार्ग पर यातायात रूका। आग की लपटें और अंगारों के कारण करीब आधे घंटे तक यातायात बाधित रहा। आंधी थमने के बाद उक्त मार्ग पर यातायात शुरू हो सका। देर रात तक फायर गाड़ियां आग पर काबू पाने की मशक्कत में लगी रही। हालांकि घटना में किसी प्रकार की ओर जनहानि नहीं हुई है।


