मुंबई-अहमदाबाद वंदे भारत को लेकर रेलवे ने दी खुशखबरी, वेटिंग लिस्ट की टेंशन खत्म!

मुंबई-अहमदाबाद वंदे भारत को लेकर रेलवे ने दी खुशखबरी, वेटिंग लिस्ट की टेंशन खत्म!

देश के सबसे व्यस्त रेल मार्गों में से एक मुंबई सेंट्रल-अहमदाबाद वंदे भारत एक्सप्रेस के यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। भारतीय रेलवे ने इस ट्रेन की भारी मांग को देखते हुए इसमें कोचों की संख्या को 16 से बढ़ाकर स्थायी रूप से 20 करने का निर्णय लिया है। यह बदलाव आज 28 अप्रैल से प्रभावी हो गया है, जिससे अब इस रूट पर यात्रा करना और भी सुगम और आरामदायक हो जाएगा।

अतिरिक्त कोचों से बढ़ेगी क्षमता, वेटिंग लिस्ट से मिलेगी राहत

ट्रेन संख्या 22961/22962 मुंबई सेंट्रल-अहमदाबाद वंदे भारत एक्सप्रेस में जो अतिरिक्त चार कोच जोड़े गए हैं, उनमें तीन ‘एसी चेयर कार’ और एक ‘एग्जीक्यूटिव क्लास’ कोच शामिल है। रेलवे के इस कदम से उन हजारों यात्रियों को सीधा फायदा होगा जो सीटों की कमी के कारण इस प्रीमियम ट्रेन में सफर नहीं कर पाते थे। गौरतलब है कि शुरुआत से ही इस रूट पर वंदे भारत की ऑक्यूपेंसी शानदार रही है।

वंदे भारत नेटवर्क का विस्तार: 23% ट्रेनें अब 20 कोच वाली

देशभर में अब तक कुल 162 वंदे भारत सेवाएं शुरू की जा चुकी हैं। दिलचस्प बात यह है कि इनमें से लगभग 23.45 प्रतिशत यानी 38 सेवाएं अब 20 कोचों के साथ चल रही हैं। इसके अलावा 34 सेवाएं 16 कोच और 90 सेवाएं 8 कोचों के साथ संचालित हो रही हैं। रेलवे के आंकड़ों के अनुसार, वित्त वर्ष 2025-26 में लगभग 4 करोड़ यात्रियों ने वंदे भारत का चुनाव किया, जो पिछले वर्ष के मुकाबले 34% अधिक है।

समय की बचत और आधुनिक सुविधाओं से लैस

मुंबई और अहमदाबाद के बीच 491 किलोमीटर की दूरी यह ट्रेन मात्र 5 घंटे 30 मिनट में पूरी करती है। बोरीवली, वापी, सूरत और वडोदरा जैसे महत्वपूर्ण स्टेशनों पर ठहराव के साथ यह सेवा व्यापारियों, छात्रों और पर्यटकों की पहली पसंद बन गई है।

बता दें कि 2019 में अपनी शुरुआत के बाद से वंदे भारत एक्सप्रेस ने 1 लाख से अधिक ट्रिप पूरी की हैं और 9.1 करोड़ से अधिक यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाया है। अकेले वित्त वर्ष 2025-26 में वंदे भारत एक्सप्रेस सेवाओं से लगभग 4 करोड़ यात्रियों ने यात्रा की, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 34 प्रतिशत अधिक है। यहां तक की वंदे भारत की वजह से कई मार्गों पर यात्रा का समय 45 प्रतिशत तक कम हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *