MP Coal Mine Accident: कोयला खदान की छत गिरी, 2 मजदूरों की मौत, 7 घायल

MP Coal Mine Accident: कोयला खदान की छत गिरी, 2 मजदूरों की मौत, 7 घायल

Shahdol Mine Collapse News- मध्यप्रदेश के शहडोल के सोहागपुर क्षेत्र में बंगवार भूमिगत कोयला खदान में शुक्रवार को दोपहर खदान की छत गिर जाने से दो मजदूरों की मौत हो गई। जबकि 7 लोग घायल है। एक की हालत गंभीर बनी हुई है। प्रारंभिक जांच में छत की कमजोर मिट्टी का गिरना बताया जा रहा है।

एसईसीएल के सोहागपुर क्षेत्र में बंगवार भूमिगत कोयला खदान है। इसीखदान में स्टापिंग वॉल निर्माण का काम चल रहा था। तभी शुक्रवार की दोपहर में छत का एक हिस्सा भरभराकर गिर गया। इस हादसे में दो मजदूर बल्लू कोल और गोलू बैगा नाम के मजदूरों की मौत हो गई। खबर लगते ही खदान के प्रबंधन, सुरक्षा अधिकारियों समेत बचाव दल मौके पर पहुंच गया है।

शुक्रवार को हादसा दूसरी पाली के वक्त हुआ। करीब साढ़े तीन बजे जब मजदूर खदान के अंदर स्टापिंग वॉल का काम कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि छत का काम चल रहा था, तभी कमजोर मिट्टी और चट्टानी हिस्सा टूटकर गिर गया। इसकी चपेट में सभी मजदूर आ गए थे। घटना के बाद प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए थे। इस घटना में मजदूरों को एंबुलेंस से केंद्रीय अस्पताल बुढ़ार और शहडोल के जिला अस्पताल ले जाया गया। बताया जा रहा है कि इस घटना से मजदूरों के सिर, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में चोट लगी है।

जांच शुरू

खदान प्रबंधन ने जांच शुरू कर दी है। प्रभावित क्षेत्र को सुरक्षा कारणों से बंद कर दिया गया है। माना जा रहा है कि निर्माण कार्य के वक्त ऊपरी परत कमजोर होने के कारण धंस गई थी। हादसा कैसे हुआ, इसकी तकनीकी जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

पहले भी हुए कई हादसेः
डिंडोरी के पड़रिया कला में खदान धंसी, एक की मौत

सोमवार 1 जून को शहपुरा थाना क्षेत्र के पड़रिया कला गांव में छुही (सफेद मिट्टी) की खदान धंसने से महिला मजदूर ममता बाई की मौत हो गई। हादसे के बाद प्रशासन ने रेस्क्यू अभियान चलाया। लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। प्रशासन इस मामले की जांच कर रहा है।

कुआं धंसने से मां-बेटी की मृत्यु

इससे पहले 2 जून को सिवनी जिले के बंडोल थाना क्षेत्र के ग्राम दुकली में निर्माणाधीन कुएं के धंस जाने से मां-बेटी की मृत्यु हो गई थी, जबकि परिवार की बुजुर्ग दादी गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। लगभग 40 फीट गहरे कुएं में मिट्टी धंसने से तीन महिलाएं मलबे में दब गई थीं। सात घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद मां बेटी के शव बाहर निकाले गए थे। हादसा उस समय हुआ जब 75 साल की समनिया बाई जंघेला अपने खेत में कुएं का निर्माण करवा रही थीं।

सिंगरौली में तीन महिलाओं की मौत

इससे पहले 25 जनवरी 2026 को सिंगरौली में मिट्टी धंसने से तीन महिलाओं की मौत हो चुकी है। छुही मिट्टी खोदने के लिए महिलाएं उतरी थी, तभी यह घटना हो गई। दो घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद दो महिलाओं को बचा लिया गया था। यह घटना सिंगरौली जिले के जियावान थाना क्षेत्र के कूंदावार पुलिस चौकी क्षेत्र में रविवार को सुबह हुई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *