Gurugram Domestic Violence Case: गुरुग्राम में मंगलवार रात एक महिला अपनी दो छोटी बेटियों को लेकर पुलिस थाने पहुंच गई। महिला काफी डरी और परेशान दिखाई दे रही थी। उसने पुलिस से अपनी और बच्चियों की सुरक्षा की मांग की। बातचीत के दौरान महिला ने बताया कि घर में उसके साथ मारपीट होती है और उसे काफी प्रताड़ित किया जा रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए महिला का तुरंत मेडिकल करवाया गया और बाद में सुरक्षित रूप से घर पहुंचया गया। अभी पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
मैं सिर्फ 26 साल की हूं…महिला ने सुनाई अपनी आपबीती
पीड़ित महिला की पहचान मानसी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से दिल्ली के पहाड़गंज इलाके की रहने वाली बताई जा रही है। महिला ने पुलिस को बताया कि उसकी दोनों बेटियां ऑपरेशन से पैदा हुई हैं और वह लंबे समय से मानसिक तनाव में जी रही है। ससुराल वाले उस पर बेटा पैदा करने का प्रेशर बना रहे हैं। उसने कहा कि अगर इंसाफ नहीं मिला तो पहले उसकी बेटियां मारी जाएंगी और उसके बाद वह खुद भी, क्योंकि वह अपनी बेटियों को छोड़कर कहीं नहीं जाएगी।
ससुराल पक्ष पर पति को भड़काने के आरोप
महिला ने आरोप लगाया कि उसके ससुराल वाले लगातार उसके पति को उसके खिलाफ भड़काते थे। उसका कहना है कि परिवार के लोग उसे घर से बाहर करने की बात करते थे और माहौल ऐसा बना दिया गया था कि वह खुद को असुरक्षित महसूस करने लगी। महिला ने यह भी दावा किया कि परिवार वाले पति की दूसरी शादी करवाने की तैयारी में थे।
घर छोड़ने के बाद भी नहीं खत्म हुई परेशानी
महिला का कहना है कि ससुराल में लगातार विवाद और तनाव बढ़ने के बाद वह अपने पति के साथ खंडसा इलाके में किराए के कमरे में रहने लगी थी। लेकिन अलग रहने के बावजूद हालात नहीं बदले। पीड़िता के अनुसार, उसका पति अक्सर शराब के नशे में घर आता था और फिर झगड़ा करता था। कई बार विवाद इतना बढ़ जाता था कि मारपीट तक की नौबत आ जाती थी।
शिकायत के बाद पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
मामला सामने आने के बाद गुरुग्राम पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि घरेलू हिंसा, मारपीट और धमकी जैसे आरोपों को गंभीरता से लिया जा रहा है। पुलिस जल्दी ही पति और ससुराल पक्ष से पूछताछ कर सकती है। साथ ही मेडिकल रिपोर्ट और अन्य सबूतों की भी जांच की जा रही है।


