जौनपुर के सिरकोनी क्षेत्र के कुद्दूपुर (मई) गांव में 20 से अधिक पात्र परिवार आवास और शौचालय योजना के लाभ से वंचित हैं। भारतीय किसान मजदूर जनसेवा यूनियन ने इस मामले में अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और पात्रों को योजना का लाभ दिलाने की मांग की है। यूनियन के जिलाध्यक्ष रवि प्रकाश सिंह ने बताया कि इससे पहले 15 अप्रैल को भी यूनियन ने खंड विकास अधिकारी को पत्र लिखकर गांव की राजभर बस्ती के कई गरीब परिवारों के योजना से वंचित होने की जानकारी दी थी। इसके बाद एडीओ पंचायत द्वारा मौके पर जांच की गई थी। जांच के दौरान यूनियन के सदस्य भी उपस्थित थे। निरीक्षण में संबंधित परिवारों को आवास एवं शौचालय योजना के लिए पात्र पाया गया। एडीओ पंचायत ने भी स्वीकार किया था कि इतने पात्र परिवार योजना से कैसे वंचित रह गए, यह जांच का विषय है। हालांकि, जांच के उपरांत आज तक भारतीय किसान मजदूर जनसेवा यूनियन को किसी प्रकार की लिखित कार्यवाही या प्रगति से अवगत नहीं कराया गया है। यूनियन ने इसे गंभीर जांच का विषय बताया है कि यदि परिवार वास्तव में पात्र हैं, तो उन्हें इतने वर्षों तक योजनाओं से क्यों वंचित रखा गया। यूनियन ने आरोप लगाया है कि संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों द्वारा वास्तविक निरीक्षण एवं सत्यापन नहीं किया गया। ग्रामीणों द्वारा वर्षों से केवल आश्वासन और धन उगाही की शिकायतें सामने आती रही हैं। यूनियन ने मांग की है कि दोषी पाए जाने वाले संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अन्य जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्यवाही की जाए। यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया, तो वे जनहित में वैधानिक कदम उठाने को बाध्य होंगे।


