पिता-पुत्र पर हमला, नाबालिग के सिर पर रॉड से वार:मंदसौर में ईरानी चाय की दुकान पर घूरने की बात पर शुरू हुआ विवाद

पिता-पुत्र पर हमला, नाबालिग के सिर पर रॉड से वार:मंदसौर में ईरानी चाय की दुकान पर घूरने की बात पर शुरू हुआ विवाद

मंदसौर शहर के खानपुरा क्षेत्र में रविवार देर रात मामूली कहासुनी के बाद पिता-पुत्र के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना में 16 वर्षीय किशोर के सिर पर लोहे की रॉड से हमला किया गया, जबकि उसके पिता के हाथ और पैर पर भी वार किए गए। दोनों घायलों का जिला चिकित्सालय में उपचार जारी है। जानकारी के अनुसार मोहम्मद जाबिर हुसैन पिता मोहम्मद हनीफ (43) निवासी खानपुरा तथा उनके पुत्र मोहम्मद इमरान पिता जाबिर हुसैन (16) के साथ यह घटना हुई। बताया जा रहा है कि इमरान रविवार रात अपने दो दोस्तों के साथ ईरानी चाय पर चाय पीने गया था। इसी दौरान वहां अरशद नामक युवक पहुंचा और इमरान से कहने लगा कि वह उसे घूरकर क्यों देख रहा है। “मैं तो तुम्हें जानता तक नहीं” कहने पर बढ़ा विवाद इमरान के मुताबिक उसने अरशद से कहा कि वह उसे जानता तक नहीं है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। आरोप है कि बहस के दौरान अरशद ने इमरान की कॉलर पकड़ ली और उसे होटल के बाहर ले जाकर गाली-गलौज करते हुए धक्का-मुक्की करने लगा। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग कराया। इसके बाद इमरान के पिता जाबिर मौके पर पहुंचे और बेटे को लेकर अरशद के पास बातचीत करने गए। दोस्त फैजान ने लोहे की रॉड से किया हमला परिजनों के अनुसार बातचीत के दौरान अरशद के दोस्त फैजान ने अचानक पिता-पुत्र पर हमला कर दिया। आरोप है कि फैजान ने लोहे की रॉड से इमरान के सिर पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं जाबिर के हाथ और पैर पर भी रॉड से हमला किया गया। घटना के बाद दोनों घायलों को तत्काल जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार इमरान के सिर में चार टांके आए हैं, जबकि जाबिर का हाथ फ्रैक्चर हो गया है। दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग घायल इमरान ने भास्कर से चर्चा के दौरान पूरी घटना बताते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। परिजनों का कहना है कि मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *