मोदी-शाह का बंगाल में BJP सरकार बनाने का दावा, PM बोले- मैं शपथ ग्रहण समारोह में आऊंगा, गृह मंत्री ने TMC से कहा- ‘TATA’

मोदी-शाह का बंगाल में BJP सरकार बनाने का दावा, PM बोले- मैं शपथ ग्रहण समारोह में आऊंगा, गृह मंत्री ने TMC से कहा- ‘TATA’

Bengal Assembly elections 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और आखिरी चरण का प्रचार-प्रसार थम गया है। चुनाव प्रचार के आखिरी दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बंगाल में चुनाव प्रचार किया। इस दौरान पीएम मोदी ने पश्चिम बंगाल में सरकार बनाने का दावा दोहराया और मौजूदा मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर जमकर हमला बोला। मोदी ने भरोसा जताया कि भाजपा पश्चिम बंगाल में अगली सरकार बनाएगी और 4 मई को परिणाम घोषित होने के बाद वे शपथ ग्रहण समारोह के लिए आएंगे।

PM मोदी ने सरकार बनाने का दावा किया, ममता पर हमला बोला

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनाव प्रचार के आखिरी दिन बंगाल में उत्तर 24 परगना जिले के बैरकपुर में रोड शो किया। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा- विधानसभा चुनाव के बाद भाजपा पश्चिम बंगाल में सरकार बनाएगी और 4 मई को परिणाम घोषित होने के बाद मैं शपथ ग्रहण समारोह के लिए फिर यहां आऊंगा। मोदी ने चुनाव प्रचार के दौरान सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर सिंडिकेट राज चलाने, राजनीतिक हिंसा करने और आर्थिक पिछड़ेपन का आरोप लगाया।

पहली कैबिनेट मीटिंग में आयुष्मान भारत योजना लागू होगी

PM मोदी ने कहा- बंगाल में भाजपा की सरकार बनने पर पहली कैबिनेट मीटिंग में आयुष्मान भारत योजना को लागू करने का निर्णय लिया जाएगा। इस योजना के तहत बुजुर्गों को 5 लाख रुपए का मुफ्त इलाज दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल का यह चुनाव बंगाल के साथ-साथ पूर्वी भारत का भाग्य बदलने का चुनाव है। अतीत में जब भारत समृद्ध था, उस समय इसके 3 मजबूत स्तंभ थे अंग, बंग और कलिंग यानी बिहार, बंगाल और ओडिशा। आज भारत विकसित होने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहा है तो इसके लिए अंग, बंग और कलिंग का मजबूत होना जरूरी है।

PM बोले- पश्चिम बंगाल को सुरक्षित रखना मेरा कर्तव्य

चुनावी रैली में पीएम मोदी ने कहा कि पश्चिम बंगाल की सेवा करना, उसे सुरक्षित रखना और उसे बचाना मेरी नियति और कर्तव्य है। पड़ोसी राज्यों में भाजपा की जीत का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि ओडिशा और बिहार के बाद इस बार पश्चिम बंगाल में भी कमल खिलेगा। PM ने कहा कि TMC के पास राज्य के विकास के लिए कोई दूरदृष्टि नहीं है। एक तरफ मिलें बंद हो रही हैं तो दूसरी तरफ कच्चे बम बनाने के कारखाने खुल रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया, TMC की एकमात्र रणनीति गाली-गलौज करना, धमकियां देना और झूठी बातें फैलाना प्रतीत होती हैं।

अमित शाह की अपील- बिना डरे मतदान करें

अमित शाह ने सोमवार को शाह बेहला पूर्व और बेहला पश्चिम सीट से भाजपा उम्मीदवारों के समर्थन में रोड शो के बाद जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Union Home Minister Amit Shah) ने कहा कि चुनाव के बाद भी पश्चिम बंगाल में 60 दिन तक केंद्रीय सुरक्षा बल तैनात रहेंगे। उन्होंने मतदाताओं से बिना डर के वोट डालने की अपील की। उन्होंने कहा कि ममता दीदी, बंगालवासियों की ओर से आपको टाटा-बाय बाय, भाजपा आ रही है। बंगाल के आखिरी चरण का मतदान नया इतिहास बनाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *