Mission UP 2027: Amethi पहुंचे Rahul Gandhi, कहा- यह मेरा घर, मेरी कर्मभूमि है

Mission UP 2027: Amethi पहुंचे Rahul Gandhi, कहा- यह मेरा घर, मेरी कर्मभूमि है

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने अगले साल होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरने की कोशिश करते हुए कहा कि अमेठी से उनका पारिवारिक रिश्ता है और चुनाव से पहले यहां के लोग जो भी कहेंगे, वह वैसा ही करेंगे।
गांधी ने गौरीगंज के तेजीपुर गांव में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अमेठी के साथ अपने परिवार के लंबे समय से चले आ रहे जुड़ाव का जिक्र किया।
उन्होंने कहा, ‘‘यह मेरा घर है, मेरा परिवार है और मेरी कर्मभूमि है। राजीव जी, सोनिया जी, प्रियंका जी और मैं – हम सभी अमेठी से जुड़े रहे हैं। मैं यहां से सांसद भी रहा हूं। भविष्य में आप सब मुझसे जो कुछ भी करने को कहेंगे, मैं वही करूंगा।’’

रायबरेली से कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने अपने संबोधन से पहले अमेठी से पार्टी के सांसद किशोरी लाल शर्मा के भाषण का जिक्र करते हुए उसे भावुक बताया और दोहराया कि वह अमेठी के लोगों की भावनाओं का सम्मान करेंगे।
शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि वह खुद को महज़ एक सेवक मानते हैं। उन्होंने इच्छा जतायी कि गांधी को एक बार फिर संसद में अमेठी का प्रतिनिधित्व करना चाहिए।
शर्मा ने कहा कि गांव-गांव में लोगों के दिलों में गांधी परिवार के लिए आज भी गहरा स्नेह मौजूद है।
राहुल गांधी वर्ष 2004 से 2019 तक अमेठी से सांसद रहे और वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में उन्हें भाजपा नेता स्मृति ईरानी के हाथों पराजय का सामना करना पड़ा था।
हालांकि वर्ष 2024 की लोकसभा चुनाव में अमेठी से कांग्रेस के किशोरी लाल शर्मा ने स्मृति ईरानी को हराया था लेकिन वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले अमेठी में कांग्रेस के सामने बड़ी चुनौती खड़ी है।

वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस अमेठी संसदीय क्षेत्र के तहत आने वाले पांच विधानसभा क्षेत्रों अमेठी जिले के अमेठी, गौरीगंज, जगदीशपुर और तिलोई तथा पड़ोसी जिले रायबरेली के सलोन में से एक भी सीट नहीं जीत सकी थी। इनमें से तीन सीटें भाजपा को तथा दो समाजवादी पार्टी को मिली थीं।
अमेठी में राहुल गांधी की सक्रियता को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी से जोड़कर भी देखा जा रहा है। गांधी बुधवार को कांग्रेस के दिवंगत पूर्व जिला अध्यक्ष योगेंद्र मिश्रा के घर गये और उनके शोकाकुल परिवार के सदस्यों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
गांधी के आने से पहले, भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने गौरीगंज जिला मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया और कांग्रेस, गांधी तथा अमेठी से कांग्रेस सांसद किशोरी लाल शर्मा के खिलाफ नारे लगाये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *