मिर्जापुर DM स्कूल पहुंचे, बच्चों को पढ़ाया:सही जवाब पर चॉकलेट दी, गौ आश्रय और गेहूं केंद्र भी देखे

मिर्जापुर DM स्कूल पहुंचे, बच्चों को पढ़ाया:सही जवाब पर चॉकलेट दी, गौ आश्रय और गेहूं केंद्र भी देखे

मिर्जापुर के जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने शनिवार को मॉडल कम्पोजिट स्कूल मुहकुचवा का दौरा किया। उन्होंने विद्यालय परिसर, कक्षाओं और मिड डे मील शेड का अवलोकन किया। विद्यालय में कुल 491 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं, जिनमें से 252 उपस्थित पाए गए। यहां 18 अध्यापक शिक्षण कार्य कर रहे हैं। जिलाधिकारी ने स्मार्ट क्लास के संचालन के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कक्षा-4 के विद्यार्थियों को गणित और हिंदी की पुस्तकों से पढ़ाया। इस दौरान उन्होंने बच्चों से कई प्रश्न पूछे, जिनका विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास के साथ उत्तर दिया। बच्चों की प्रतिभा से प्रसन्न होकर जिलाधिकारी ने उन्हें चॉकलेट देकर प्रोत्साहित किया।
कक्षा-8 में, जिलाधिकारी ने छात्राओं से खेलकूद गतिविधियों के बारे में जानकारी ली। छात्राओं ने क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी और शतरंज जैसे खेलों का उल्लेख किया। इस दौरान बच्चों ने उनसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) को लेकर भी प्रश्न पूछे, जिस पर उन्होंने सरल भाषा में विस्तृत जानकारी दी। जिलाधिकारी ने शिक्षकों को बच्चों को खेलकूद और तकनीकी शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने का निर्देश दिया।
इसके बाद, जिलाधिकारी ने स्थायी गौ आश्रय स्थल वर्जी मुकुन्दपुर का निरीक्षण किया। वहां 145 गौवंश संरक्षित पाए गए। जिलाधिकारी ने गौवंशों के लिए शुद्ध पेयजल, हरी घास, छाया और शत-प्रतिशत ईयर टैगिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अंत में, जिलाधिकारी ने गेहूं क्रय केंद्र कोटवा पाण्डेय का भी निरीक्षण किया। वहां कृषक गोविंद पाण्डेय के गेहूं की तौल होती मिली। केंद्र प्रभारी ने बताया कि अब तक 36 किसानों से 1277.50 कुंतल गेहूं खरीदा जा चुका है। किसानों ने खरीद व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया। जिलाधिकारी ने समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने और खरीद प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *