वृंदावन में गायब हुए करोड़ों दिलों के चहेते जॉनी-जोजो, भावुक हुए राहुल, कभी प्रेमानंद महाराज को हंसाया था

वृंदावन में गायब हुए करोड़ों दिलों के चहेते जॉनी-जोजो, भावुक हुए राहुल, कभी प्रेमानंद महाराज को हंसाया था

Johnny Jojo Missing: उत्तर प्रदेश के वृंदावन में एक अनोखा मामला सामने आया है। प्रेमानंद महाराज को अपनी कला से हंसाने वाले मशहूर पपेट्स ‘जॉनी’ और ‘जोजो’ अचानक गायब हो गए हैं। ये पपेट्स जयपुर के कॉमेडियन और वेंट्रिलोक्विस्ट राहुल मिश्रा के हैं। राहुल का आरोप है कि परिक्रमा के बाद वह ई-रिक्शा में अपना बैग भूल गए, जिसमें दोनों पपेट्स रखे थे। अब पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।

वृंदावन में प्रसिद्ध कॉमेडियन कलाकार राहुल मिश्रा अपने एक मित्र के साथ परिक्रमा करने पहुंचे थे। गुरुवार रात परिक्रमा पूरी करने के बाद उन्होंने चामुंडा मंदिर के पास से एक ई-रिक्शा लिया और केशव धाम रोड स्थित अपने होटल के लिए रवाना हो गए। रास्ते में अचानक राहुल को याद आया कि उनका एक बैग पीछे छूट गया है। उस बैग में उनके बेहद लोकप्रिय पपेट्स ‘जॉनी’ और ‘जोजो’ रखे हुए थे। राहुल ने तुरंत ई-रिक्शा चालक को रोकने की कोशिश की, लेकिन उनका आरोप है कि चालक रुकने के बजाय वहां से तेजी से निकल गया। बैग और पपेट्स नहीं मिलने पर राहुल काफी परेशान हो गए। उन्होंने वृंदावन कोतवाली पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। ताकि ई-रिक्शा चालक और बैग का पता लगाया जा सके।

जॉनी और जोजो सिर्फ पपेट्स करियर का अहम हिस्सा

राहुल मिश्रा का कहना है कि जॉनी और जोजो सिर्फ पपेट्स नहीं हैं। बल्कि उनके करियर और भावनाओं का अहम हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि इन दोनों किरदारों के साथ उन्होंने देशभर में कई मंचों पर प्रदर्शन किया है। लोग इन्हें खूब पसंद करते हैं।

सोशल मीडिया पर भावुक अपील

राहुल ने सोशल मीडिया के माध्यम से भी लोगों से मदद की अपील की है। उन्होंने भावुक संदेश साझा करते हुए कहा कि जो कोई भी जॉनी और जोजो तक पहुंच सकता है। या उनके बारे में जानकारी रखता है। वह उन्हें वापस दिलाने में मदद करे।

जॉनी-जोजो

राहुल की प्रस्तुति देख प्रेमानंद महाराज हुए थे प्रसन्न

करीब एक साल पहले राहुल अपने पपेट्स जॉनी और जोजो के साथ प्रेमानंद महाराज से भी मिले थे। उस दौरान दोनों पपेट्स के माध्यम से हुई बातचीत ने सभी का ध्यान खींचा था। राहुल की प्रस्तुति देखकर प्रेमानंद महाराज काफी प्रसन्न हुए थे और उनकी कला की सराहना की थी।

थिएटर से शुरू की करियर की शुरुआत

राहुल मिश्रा ने अपने करियर की शुरुआत थिएटर से की थी। बाद में उन्होंने सोशल मीडिया और यूट्यूब के जरिए अपनी अलग पहचान बनाई। आज वह देश के कई बड़े मंचों और लोकप्रिय कार्यक्रमों में अपनी कला का प्रदर्शन कर चुके हैं। ऐसे में उनके प्रिय पपेट्स के गायब होने की खबर ने उनके प्रशंसकों को भी चिंतित कर दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। दोनों पपेट्स की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *