मेधावी छात्र-छात्राओं को किया गया सम्मानित:माध्यमिक शिक्षा बोर्ड परीक्षाओं में उच्च अंक प्राप्त करने पर मिला चेक

मेधावी छात्र-छात्राओं को किया गया सम्मानित:माध्यमिक शिक्षा बोर्ड परीक्षाओं में उच्च अंक प्राप्त करने पर मिला चेक

मुख्यमंत्री के लोक भवन सभागार, लखनऊ में आयोजित माध्यमिक शिक्षा विभाग के सम्मान समारोह का सजीव प्रसारण औरैया कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में देखा गया। इस कार्यक्रम में केंद्र एवं राज्य स्तरीय बोर्ड परीक्षाओं में उच्च अंक प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं, उनके अभिभावकों और प्रधानाचार्यों को सम्मानित किया गया। समारोह में सदर विधायक श्रीमती गुड़िया कठेरिया, भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया, जिलाधिकारी बृजेश कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार मौर्य और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजीव कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। विभिन्न विद्यालयों के अध्यापक, छात्र-छात्राएं और उनके अभिभावक भी मौजूद थे। कार्यक्रम के दौरान सदर विधायिका, भाजपा जिलाध्यक्ष और जिलाधिकारी ने माध्यमिक शिक्षा परिषद हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 में राज्य/जनपद स्तर पर उच्च अंक प्राप्त करने वाले हाईस्कूल के 10 और इंटरमीडिएट के 10 मेधावी छात्र-छात्राओं को 21 हजार रुपये का चेक, प्रशस्ति पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया। सदर विधायिका श्रीमती गुड़िया कठेरिया ने छात्रों से कहा कि वे अपनी पढ़ाई पर ध्यान दें और शिक्षा को प्रतियोगिता न समझें। उन्होंने अभिभावकों को बच्चों के साथ मित्रवत व्यवहार करने की सलाह दी, ताकि बच्चे अपनी समस्याओं और विचारों को खुलकर व्यक्त कर सकें। उन्होंने छात्रों को परिस्थितियों से हतोत्साहित न होने और चुनौतियों का दृढ़ता से सामना करने के लिए प्रेरित किया। जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने सभी छात्र-छात्राओं के उज्जवल भविष्य की कामना की। उन्होंने अपने स्वयं का उदाहरण देते हुए बताया कि सफलता के लिए अंकों से अधिक ज्ञान और परिश्रम मायने रखता है। जिलाधिकारी ने छात्रों को सोशल मीडिया का सदुपयोग अपनी शिक्षा और लक्ष्य प्राप्ति के लिए करने की सलाह भी दी। कार्यक्रम का शुभारंभ सदर विधायिका, भाजपा जिलाध्यक्ष, जिलाधिकारी और जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा मां शारदे के समक्ष दीप प्रज्वलित कर और उनके चित्र पर माल्यार्पण करके किया गया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *