देवीपाटन रेंज के IG अमित पाठक NSG में होंगे तैनात:गृह मंत्रालय ने यूपी मुख्य सचिव को भेजी चिट्ठी, केंद्र सरकार ने दी प्रतिनियुक्ति को मंजूरी

देवीपाटन रेंज के IG अमित पाठक NSG में होंगे तैनात:गृह मंत्रालय ने यूपी मुख्य सचिव को भेजी चिट्ठी, केंद्र सरकार ने दी प्रतिनियुक्ति को मंजूरी

गोंडा देवीपाटन रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) अमित पाठक को केंद्र सरकार में प्रतिनियुक्ति पर भेजा जा रहा है। भारत सरकार के गृह मंत्रालय ने उनकी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति को मंजूरी दे दी है, जिसके बाद उनका राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) में आईजी (IPS) पद पर नियुक्त होना तय हो गया है। वर्ष 2007 बैच के उत्तर प्रदेश कैडर के आईपीएस अधिकारी अमित पाठक को प्रदेश पुलिस के ईमानदार, कर्तव्यनिष्ठ और अनुशासित अधिकारियों में गिना जाता है। देवीपाटन रेंज में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और पुलिसिंग को अधिक जवाबदेह एवं पारदर्शी बनाने के लिए कई उल्लेखनीय पहल कीं। गोंडा, बलरामपुर, बहराइच और श्रावस्ती जिलों को शामिल करने वाली देवीपाटन रेंज में तैनाती के दौरान उन्होंने भ्रष्टाचार और लापरवाही के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई। विभागीय कार्यों में शिथिलता, भ्रष्टाचार तथा जनता की शिकायतों की अनदेखी के मामलों में उन्होंने सख्त रुख अपनाते हुए एक दर्जन से अधिक पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की और उन्हें निलंबित किया। अमित पाठक ने थानों की कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी बनाने, फरियादियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण और जनता से सीधे संवाद पर विशेष बल दिया। उनके कार्यकाल में पुलिस और आमजन के बीच विश्वास बढ़ाने के प्रयासों को भी सराहा गया। बहराइच में हुई हिंसक घटनाओं के दौरान भी उनके नेतृत्व में पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई की थी। वहीं, नेपाल में बड़े पैमाने पर हुए आंदोलनों और सीमा क्षेत्र में संवेदनशील परिस्थितियों के दौरान देवीपाटन रेंज के सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। अब केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने के बाद अमित पाठक देश के सबसे प्रतिष्ठित आतंकवाद रोधी बल राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) में आईजी के रूप में अपनी सेवाएं देंगे। यह पद राष्ट्रीय सुरक्षा के दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण और जिम्मेदारीपूर्ण माना जाता है। पुलिस महकमे में उनके केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर चयन को एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया है कि वे राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी कार्यकुशलता और नेतृत्व क्षमता का प्रभाव छोड़ेंगे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *