भोपाल में मंगलवार को जिला पंचायत कार्यालय में शासकीय संस्थाओं और रेस्को कंपनियों के बीच सोलर रूफटॉप प्लांट लगाने को लेकर बिजली खरीद समझौते किए गए। इस मौके पर नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला ने कहा कि आने वाले समय में हर घर की छत पर सोलर पैनल नजर आने चाहिए। मंत्री ने कहा कि पीएम मोदी लगातार ऊर्जा बचाने और ग्रीन एनर्जी अपनाने की बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश तेजी से नवकरणीय ऊर्जा की दिशा में आगे बढ़ रहा है और लक्ष्य है कि प्रदेश की 50 प्रतिशत ऊर्जा जरूरत सौर और अन्य नवकरणीय स्रोतों से पूरी हो। मंत्री शुक्ला ने कहा कि सरकारी भवनों में रेस्को मॉडल से सोलर पैनल लगाने के लिए लोगों को जागरूक करना जरूरी है। साथ ही निर्देश दिए कि इस योजना में समय पर भुगतान और सोलर सिस्टम का सही रखरखाव सुनिश्चित किया जाए। रेस्को मॉडल से बिना निवेश के बचत अपर मुख्य सचिव मनु श्रीवास्तव ने कहा कि रेस्को योजना में शुरुआती निवेश नहीं करना पड़ता और इससे पहले दिन से बिजली बिल में बचत शुरू हो जाती है। यह सरकार के लिए बचत और पर्यावरण संरक्षण दोनों के लिहाज से फायदेमंद योजना है। समय पर बिल जमा करने पर छूट प्रबंध संचालक अमनबीर सिंह बैंस ने बताया कि रेस्को मॉडल से 3.78 रुपए प्रति यूनिट की दर से बिजली तैयार होगी। उन्होंने कहा कि 3 से 10 तारीख के बीच बिजली बिल जमा करने पर 1 प्रतिशत की छूट मिलेगी। वहीं, देरी से भुगतान करने पर 1.5 प्रतिशत पेनल्टी देनी होगी। पर्यावरण संरक्षण में भी मदद अधिकारियों ने कहा कि इस योजना से सरकारी कार्यालय बिजली खर्च कम करने के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान देंगे। बैठक में कलेक्टर प्रियंक मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ इला तिवारी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। ————— ये खबर भी पढ़ें… ई-रिक्शा से अध्यक्ष, साइकिल से हाईकोर्ट पहुंचे जस्टिस; पीएम ने पेट्रोल-डीजल का उपयोग कम करने की दी थी सलाह प्रधानमंत्री के पेट्रोल-डीजल के कम उपयोग करने की अपील के बाद भोपाल में मध्य प्रदेश लघु उद्योग निगम के नवनियुक्त अध्यक्ष सत्येंद्र भूषण सिंह मंगलवार को पदभार ग्रहण करने के लिए ई-रिक्शा से, जबकि जबलपुर में जस्टिस साइकिल चलाकर हाई कोर्ट पहुंचे। पूरी खबर पढ़ें…


