रजा लाइब्रेरी में सरस्वती, नटराज प्रतिमा स्थापना को सहमति:रामपुर में पुस्तकालय की सांस्कृतिक और बौद्धिक विरासत के अनुरूप

रजा लाइब्रेरी में सरस्वती, नटराज प्रतिमा स्थापना को सहमति:रामपुर में पुस्तकालय की सांस्कृतिक और बौद्धिक विरासत के अनुरूप

रामपुर की ऐतिहासिक रजा लाइब्रेरी में मां सरस्वती और भगवान नटराज की प्रतिमाएं स्थापित करने पर सहमति मिल गई है। भाजपा नेता एवं उद्योगपति भारत भूषण गुप्ता ने लाइब्रेरी के निदेशक डॉ. पुष्कर मिश्र का आभार व्यक्त किया है। मंगलवार को भारत भूषण गुप्ता के नेतृत्व में शहर के कई उद्योगपति, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और गणमान्य लोग रजा लाइब्रेरी पहुंचे थे। प्रतिनिधिमंडल ने निदेशक डॉ. पुष्कर मिश्र को एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें पुस्तकालय के अध्ययन कक्ष में मां सरस्वती और दरबार हॉल में भगवान नटराज की प्रतिमा स्थापित करने का प्रस्ताव रखा गया था। डॉ. पुष्कर मिश्र ने ज्ञापन पर सकारात्मक सहमति दी। उन्होंने कहा कि रजा लाइब्रेरी हमेशा बहुसांस्कृतिक और समन्वयकारी परंपराओं का केंद्र रही है। डॉ. मिश्र के अनुसार, मां सरस्वती विद्या और ज्ञान की प्रतीक हैं, जबकि नटराज भारतीय कला एवं संस्कृति के सर्वोच्च प्रतीकों में शामिल हैं। ऐसे में इन प्रतिमाओं की स्थापना पुस्तकालय की सांस्कृतिक और बौद्धिक विरासत के अनुरूप होगी। सहमति मिलने के बाद भाजपा नेता भारत भूषण गुप्ता ने डॉ. पुष्कर मिश्र को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि रजा लाइब्रेरी देश और दुनिया में रामपुर की पहचान है। यहां मां सरस्वती और भगवान नटराज की प्रतिमाओं की स्थापना से ज्ञान, संस्कृति और भारतीय परंपरा का संदेश और अधिक मजबूत होगा। उन्होंने निदेशक की इस सकारात्मक पहल पर शहर के लोगों में खुशी व्यक्त की। भारत भूषण गुप्ता ने यह भी कहा कि रजा लाइब्रेरी हमेशा गंगा-जमुनी तहजीब और सांस्कृतिक सौहार्द का प्रतीक रही है और यह पहल इस भावना को और मजबूत करेगी। इस अवसर पर श्रीश गुप्ता, डॉ. मुनीश चंद्र शर्मा, शैलेंद्र शर्मा, वीरेंद्र गर्ग, सुनील कुमार गोयल, सुनील कुमार अग्रवाल, सीए आरके अग्रवाल सहित कई उद्योगपति और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *