महिला ने पति-जेठानी पर लगाए अवैध संबंधों के आरोप:बोली- विरोध करने पर मिली प्रताड़ना; ग्वालियर एसपी ऑफिस में की शिकायत

महिला ने पति-जेठानी पर लगाए अवैध संबंधों के आरोप:बोली- विरोध करने पर मिली प्रताड़ना; ग्वालियर एसपी ऑफिस में की शिकायत

ग्वालियर के डबरा की रहने वाली एक महिला ने अपने पति, जेठ-जेठानी और ससुराल पक्ष के अन्य लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक कार्यालय में मंगलवार को शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता ने न्याय की गुहार लगाते हुए कहा कि पति और जेठानी के कथित अवैध संबंधों का विरोध करने पर उसे लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। महिला ने जेठ के बेटे मनु पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि मनु ने नहाते समय उसका वीडियो बनाने, सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी और दुष्कर्म का प्रयास भी किया। पीड़िता ने लिखित शिकायत में बताया कि उसकी शादी हिंदू रीति-रिवाज से करीब 10 लाख रुपए खर्च कर अतुल राजौरिया के साथ हुई थी। शादी के एक साल बाद बेटे का जन्म हुआ, लेकिन बीमारी के दौरान उचित इलाज नहीं मिलने से उसकी मौत हो गई। महिला का आरोप है कि इसी दौरान उसने कई बार अपने पति को जेठानी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखा, जिसके बाद परिवार में विवाद शुरू हो गया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट और प्रताड़ना बढ़ गई। कुछ समय तक वह मायके और गांव सालवई में रही, लेकिन बाद में डबरा स्थित ससुराल लौट आई। वर्ष 2011 में बेटी के जन्म के बाद भी ससुराल पक्ष का व्यवहार नहीं बदला और प्रताड़ना जारी रही। पीड़िता के अनुसार, घर में बाथरूम की व्यवस्था नहीं थी, जिसके कारण उसे खुले में नहाना पड़ता था। महिला का आरोप है कि वर्ष 2024 में जेठ के बेटे मनु ने उसका नहाते समय वीडियो बना लिया और उसे वायरल करने की धमकी देकर अवैध संबंध बनाने का दबाव बनाया। महिला ने आरोप लगाया कि एक रात आरोपी शराब के नशे में उसके कमरे में घुस आया और जबरदस्ती करने की कोशिश की। शोर सुनकर उसकी बेटी मौके पर पहुंची और उसे बचाया। पीड़िता का कहना है कि उसने पहले भी एसपी कार्यालय और थाने में शिकायत की थी, लेकिन पुलिस ने उसकी मूल शिकायत और प्राप्ति तक वापस नहीं दी। हाल ही में आलम्बन सेल में बुलाकर उसे डराया गया और जबरन हस्ताक्षर भी कराए गए। महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी पक्ष को पुलिस विभाग में पदस्थ एक रिश्तेदार का संरक्षण प्राप्त है, इसलिए मामले में कार्रवाई नहीं हो रही है। उसने एसपी से मांग की है कि पति, ससुर, जेठ, जेठानी, भतीजे मनु और अन्य आरोपियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए। पीड़िता ने कहा कि यदि उसे और उसकी बेटी को न्याय नहीं मिला तो उसके पास आत्महत्या के अलावा कोई रास्ता नहीं बचेगा। इस मामले में महिला थाना प्रभारी रश्मि भदौरिया ने बताया कि पीड़िता की शिकायत संबंधित थाना प्रभारी को जांच के लिए भेज दी गई है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *