तूंगा रोड पर दुकान में भीषण आग, लाखों का सामान राख

तूंगा रोड पर दुकान में भीषण आग, लाखों का सामान राख

– तीन दमकलों ने पाया काबू, करीब 20 लाख का नुकसान, जनहानि टली

बस्सी. बस्सी शहर स्थित तूंगा रोड पर शनिवार सुबह एक रेडीमेड कपड़े, खिलौने व बच्चों की साइकिल की दुकान में अज्ञात कारणों से आग लगने से लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया। सूचना पर मौके पर पहुंची तीन दमकलों और पानी के टैंकरों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक दुकान में रखा अधिकांश माल नष्ट हो चुका था।

जानकारी के अनुसार तूंगा रोड पर ‘लतेशफैशन’ नाम से संचालित दुकान में देर रात या सुबह के समय आग लग गई। दुकानदार के भाई प्रकाश राजवानी ने बताया कि उसका भाई बाहर गया हुआ था। सुबह जब स्टाफ दुकान खोलने पहुंचा तो शटर खोलते ही अंदर से धुआं और आग की लपटें दिखाई दीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दुकान में रखी बच्चों की साइकिलें, खिलौने व रेडीमेड कपड़े जलकर राख हो गए।

सूचना मिलने पर दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों ने भी पानी के टैंकरों से आग बुझाने में सहयोग किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक पूरा सामान नष्ट हो चुका था। घटना के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करते हुए घटनास्थल से दूर रखा।

गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

करीब 20 लाख का नुकसान

दुकानदार के भाई प्रकाश राजवानी के अनुसार आग से दुकान में रखा करीब 20 लाख रुपए से अधिक का माल जलकर राख हो गया, जिससे परिवार को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *