मेरठ के कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र स्थित डिफेंस एंक्लेव कॉलोनी में बुधवार सुबह एक रिटायर्ड दरोगा के मकान के बाहर गैस पाइपलाइन में भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कई फीट ऊंची उठने लगीं, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। रिटायर्ड दरोगा जगदीश चंद्र शर्मा के घर के बाहर से गुजर रही गैस पाइपलाइन में आग लगने के बाद तेज धमाके जैसी आवाज भी सुनाई दी। लपटें देखकर परिवार के सदस्य तुरंत घर से बाहर निकल आए। शोर सुनकर आसपास के लोग भी अपने घरों से बाहर आ गए, जिससे कॉलोनी में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना तुरंत दमकल विभाग और गैस कंपनी को दी गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां और गैस कंपनी की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। रिटायर्ड दरोगा के बेटे उमेश शर्मा ने बताया कि उस समय घर में कोई रसोई का काम नहीं चल रहा था। उन्होंने कहा कि यदि आग घर के अंदर तक पहुंच जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। इस घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है, लेकिन कॉलोनी में डर और चिंता का माहौल बना हुआ है। फिलहाल गैस पाइपलाइन में आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।


