हरिद्वार-देहरादून हाईवे पर चलती बस में भीषण आग, ड्राइवर की सूझबूझ से बची 40 लोगों की जान, देखें वीडियो

हरिद्वार-देहरादून हाईवे पर चलती बस में भीषण आग, ड्राइवर की सूझबूझ से बची 40 लोगों की जान, देखें वीडियो

Fire in Moving Bus: उत्तराखंड के हरिद्वार में शनिवार देर शाम बड़ा सड़क हादसा टल गया। यहां हरिद्वार-देहरादून हाईवे पर सर्वानंद घाट के सामने वॉल्वो बस में भीषण आग (Volvo Bus Fire) लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरी बस उसकी चपेट में आ गई। हादसे का शिकार हुई बस दिल्ली जा रही थी।

बाल-बाल बची यात्रियों की जान

हरिद्वार-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर सर्वानंद घाट के सामने दिल्ली जा रही वॉल्वो बस में अचानक आग लग गई। बस में सवार सभी यात्री चालक और परिचालक की सूझबूझ से सुरक्षित बाहर निकल आए। हालांकि, बस पूरी तरह जलकर राख हो गई और यात्रियों का सामान भी आग जल गया। गनीमत रही कि हादसे में किसी भी यात्री की जान नहीं गई। इस बस में करीब 40 लोग सवार थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस देहरादून से दिल्ली की ओर जा रही थी। सर्वानंद घाट के समीप पहुंचते ही बस से डीजल रिसाव शुरू हो गया। कुछ ही देर बाद अचानक आग भड़क उठी और पूरी बस धू-धू कर जलने लगी। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दूर-दूर तक धुएं का गुबार दिखाई दे रहा था। घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और आग देखकर बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।

फायर ब्रिगेड ने आग बुझाई

बस में आग लगते ही चालक और परिचालक ने तुरंत बस रोक दी और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल दिया। इसके बाद पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी। आग की घटना के कारण हाईवे पर यातायात प्रभावित हुआ और कुछ समय के लिए जाम लग गया। इस दौरान पुलिस ने यातायात को नियंत्रित किया और वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *