करौली के सपोटरा क्षेत्र स्थित डाबरा गांव के क्षेत्रपाल धाम मंदिर परिसर में 24 दिन के अंदर दूसरी बार लेपर्ड का मूवमेंट देखा गया है। बुधवार देर रात लेपर्ड ने मंदिर परिसर में एक कुत्ते का शिकार किया, जिसकी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। जानकारी के अनुसार, लेपर्ड देर रात मंदिर परिसर में पहुंचा और वहां घूम रहे कुत्ते पर हमला कर उसे अपना शिकार बना लिया। इससे पहले 27 अप्रैल को भी इसी मंदिर परिसर में लेपर्ड ने एक कुत्ते को अपना निशाना बनाया था। ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में चिंता
लगातार हो रहे लेपर्ड के मूवमेंट से ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्रपाल धाम में सुबह 3 से 4 बजे के बीच श्रद्धालुओं का आना शुरू हो जाता है, जिनमें महिलाएं और छोटे बच्चे भी शामिल होते हैं। ऐसे में किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने लेपर्ड को पकड़कर सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ने की अपील की है। वन विभाग के अधिकारियों ने लोगों से सतर्क रहने, रात में अकेले बाहर नहीं निकलने और बच्चों पर विशेष निगरानी रखने का आग्रह किया है।


