नारनौल के कारोबारी की आत्महत्या मामले में 7 पर मामला:रेवाड़ी के खोल में हुआ केस, एक आप की टिकट पर चुनाव लड़ने वाला भी

नारनौल के कारोबारी की आत्महत्या मामले में 7 पर मामला:रेवाड़ी के खोल में हुआ केस, एक आप की टिकट पर चुनाव लड़ने वाला भी

हरियाणा के नारनौल निवासी कारोबारी के आत्महत्या मामले में रेवाड़ी जिला के खोल थाना क्षेत्र में कारोबारी को आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप में पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इनमें एक ने आम आदमी पार्टी की टिकट से चुनाव लड़ा था। मृतक के बेटे आयुष चोटिया निवासी सीकर (राजस्थान) की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 व 3(5) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। क्रेशर में हो गया था घाटा शिकायत में बताया गया कि उसके पिता हरीश कुमार बालाजी मिनरल्स नामक क्रेशर व्यवसाय से जुड़े थे। व्यवसाय में घाटा होने के बाद उनकी आर्थिक स्थिति कमजोर हो गई थी। इसी दौरान साझेदारी और पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद बढ़ गया। इन लोगों पर लगे आरोप शिकायतकर्ता ने आम आदमी पार्टी से चुनाव लड़े रविंद्र सिंह मटरू, हरपाल चौधरी, जैली सिंह सरपंच, परमीत सिंह, सांवरमल मीणा, अशोक मीणा समेत अन्य लोगों पर लगातार मानसिक प्रताड़ना, धमकियां और आर्थिक दबाव बनाने के आरोप लगाए हैं। भारी ब्याज पर लिया था कर्ज आरोप है कि मृतक ने कई लोगों से भारी ब्याज पर कर्ज लिया था और मूल राशि से कई गुना अधिक रकम लौटाने के बावजूद आरोपियों ने चेक, दस्तावेज और गिरवी रखे गए गहने वापस नहीं किए। शिकायत में यह भी कहा गया कि कुछ लोगों ने क्रेशर और ट्रांसपोर्ट कारोबार में हिस्सेदारी को लेकर दबाव बनाया तथा धमकियां दीं। पुलिस को सौंपे सबूत परिजनों के अनुसार मृतक ने आत्महत्या से पहले वीडियो और सुसाइड नोट भी छोड़ा, जिसमें कई लोगों को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार बताया गया है। पुलिस को वीडियो रिकॉर्डिंग, कॉल रिकॉर्डिंग और सुसाइड नोट भी सौंपे गए हैं। 12 मई को खाया था जहर शिकायत के मुताबिक 12 मई की शाम हरीश कुमार ने अपने परिचितों को मदद के लिए मैसेज और लोकेशन भेजी थी। बाद में वह अपनी कार में अचेत अवस्था में मिले। उन्हें पहले नारनौल के निजी अस्पताल ले जाया गया और फिर जयपुर रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *