रजिस्ट्री ऑफिस के बाहर जमीन विक्रेता को कार में घसीटा, 90 लाख उड़ाने की कोशिश, भीड़ ने बचाया

रजिस्ट्री ऑफिस के बाहर जमीन विक्रेता को कार में घसीटा, 90 लाख उड़ाने की कोशिश, भीड़ ने बचाया

पीलीभीत। पूरनपुर तहसील स्थित उप निबंधक कार्यालय के बाहर शनिवार को दिनदहाड़े सनसनीखेज वारदात सामने आई। जमीन की रजिस्ट्री कराने पहुंचे विक्रेता को खरीदार पक्ष ने 90 लाख रुपये देने के बजाय जबरन कार में बैठाकर अपहरण की कोशिश की। शोर मचाने पर मौके पर जुटी भीड़ ने कार रोककर विक्रेता को बचा लिया, जबकि आरोपी फरार हो गए।

रजिस्ट्री के नाम पर रची गई साजिश

पूरनपुर तहसील क्षेत्र के गांव चित्तरपुर निवासी बाबूराम अपनी जमीन का सौदा करने शनिवार को उप निबंधक कार्यालय पहुंचे थे। आरोप है कि लिखापढ़ी के दौरान खरीदार और उसके साथियों ने अचानक साजिश के तहत बाबूराम को दबोच लिया और जबरन कार में बैठाने लगे। बताया जा रहा है कि खरीदार पक्ष ने जमीन के तय 90 लाख रुपये देने के बजाय उन्हें लेकर भागने की कोशिश की। जैसे ही आरोपियों ने बाबूराम को कार में जबरन बैठाया, उन्होंने जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया। उनकी आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग दौड़ पड़े और कार को घेर लिया। भीड़ के दबाव में आरोपियों की योजना नाकाम हो गई और बाबूराम को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

भीड़ देख मौके से भागे आरोपी

घटना स्थल पर लोगों की भीड़ बढ़ती देख आरोपी कार छोड़कर मौके से फरार हो गए। दिनदहाड़े रजिस्ट्री कार्यालय के बाहर इस तरह की घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो भी बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि वीडियो फुटेज और तहरीर के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *