बूंदी के डाबी थाना पुलिस ने घने जंगल में रास्ता भटक गए एक मंदबुद्धि युवक को सुरक्षित रेस्क्यू कर उसके परिजनों को सौंप दिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से युवक को सकुशल बचाया जा सका। जिला पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा ने बताया कि 18 अप्रैल 2026 को सूचना मिली थी कि चित्तौड़गढ़ जिले के मदार चौक, मैरोड़ा थाना क्षेत्र का निवासी देवीलाल (35), पुत्र हुकमचंद माली, घर से तालाब में नहाने की बात कहकर निकला था। मंदबुद्धि होने के कारण वह रास्ता भटककर डाबी क्षेत्र के घने जंगलों में पहुंच गया। उसके पास मोबाइल फोन था, लेकिन बैटरी खत्म होने के कारण उससे संपर्क नहीं हो पा रहा था। सूचना मिलते ही डाबी थाना पुलिस ने तत्काल एक टीम गठित की। टीम ने अम्बेमाता, गुढ़ा और डुसालिया के जंगलों में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। यह क्षेत्र जंगली जानवरों की मौजूदगी के कारण जोखिम भरा माना जाता है। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस टीम को युवक जंगल में एक पेड़ के नीचे बैठा मिला। वह घबराया हुआ था और भूख-प्यास से परेशान दिख रहा था। पुलिस ने उसे सुरक्षित बाहर निकाला और प्राथमिक सहायता प्रदान की। इसके बाद, पुलिस ने युवक के परिजनों को सूचना दी। परिजन डाबी थाने पहुंचे, जहां युवक को उन्हें सौंप दिया गया। इस सफल रेस्क्यू ऑपरेशन में थानाधिकारी हेमराज शर्मा, हेड कांस्टेबल महावीर प्रसाद, कांस्टेबल विजयपाल, दिनेश और ड्राइवर मदन मोहन शामिल थे। क्षेत्र में पुलिस की इस सक्रियता और संवेदनशीलता की सराहना की जा रही है।


