गंगा दशहरा पर लाखों श्रद्धालुओं ने डुबकी लगाई:संभल के राजघाट पर डीएम-एसपी पहुंचे, गोताखोर तैनात

गंगा दशहरा पर लाखों श्रद्धालुओं ने डुबकी लगाई:संभल के राजघाट पर डीएम-एसपी पहुंचे, गोताखोर तैनात

संभल में गंगा दशहरा पर्व पर लाखों श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। ज्येष्ठ मास के शुक्ल पक्ष की दशमी तिथि को मनाए जाने वाले इस पर्व पर तड़के से ही गंगा घाटों पर भीड़ उमड़नी शुरू हो गई थी। प्रशासन ने पांच लाख से अधिक श्रद्धालुओं के स्नान करने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। सोमवार को संभल की तहसील गुन्नौर स्थित राजघाट गंगा, सिसौना डांडा, श्रीविष्णु देव, हरिबाबा बांध सहित अस्थाई असदपुर और सांकराघाट पर श्रद्धालुओं ने स्नान किया। ये श्रद्धालु संभल के अलावा बुलंदशहर, बदायूं, अलीगढ़, बरेली और रामपुर जैसे पड़ोसी जिलों से आए थे। जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल और पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने राजघाट गंगा पहुंचकर स्नान और मेले की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर श्रद्धालुओं से बातचीत भी की। इस दौरान एसडीएम गुन्नौर विकासचंद्र, सीओ आलोक सिद्धू और बबराला थाना प्रभारी सौरभ त्यागी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। गुन्नौर थाना प्रभारी संजय कुमार, जुनावई थाना प्रभारी धीरज कुमार और रजपुरा थाना प्रभारी संदीप चौधरी भी अपनी पुलिस फोर्स के साथ विभिन्न गंगा घाटों पर मुस्तैद रहे। प्रशासन द्वारा किए गए रूट डायवर्जन के कारण इस बार संभल-अनूपशहर रोड पर गंगा स्नान के चलते जाम की स्थिति नहीं बनी। आमतौर पर पूर्णिमा स्नान के दौरान इस मार्ग पर घंटों लंबा जाम लगता था, जिससे श्रद्धालुओं को काफी परेशानी होती थी। राजघाट और सिसौना डांडा गंगा घाट पर मेले का भी आयोजन किया गया। जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल ने बताया कि गंगा दशहरा के मद्देनजर जनपद में छह गंगा घाटों पर व्यवस्थाएं की गई हैं, जिनमें राजघाट का भी निरीक्षण किया गया। उन्होंने कहा कि सभी व्यवस्थाएं शांतिपूर्ण तरीके से चल रही हैं और दोपहर तक श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की उम्मीद है। जिलाधिकारी ने बताया कि घाटों पर पर्याप्त शौचालय, चेंजिंग रूम, साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, गोताखोरों की तैनाती और पीए सिस्टम जैसी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुचारू रूप से कार्य कर रही हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *